रानीवाड़ा/जालौर (महेन्द्र देवासी): राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय कागमाला में शनिवार को नो बैग डे के अवसर पर कारगिल विजय दिवस देशभक्ति, उत्साह और गौरव के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने भारतीय सेना की वर्दी धारण कर हाथों में तिरंगा लेकर आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। विद्यालय परिसर "भारत माता की जय" और "वंदे मातरम्" के गगनभेदी नारों से गूंज उठा तथा पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य नारायण जीनगर ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में राष्ट्रप्रेम, देशसेवा की भावना तथा भारतीय सेना के वीर जवानों के प्रति सम्मान का भाव विकसित करना था।कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ अध्यापक प्रकाश कुमार ने कारगिल युद्ध की पृष्ठभूमि एवं उसके कारणों की जानकारी दी। वरिष्ठ अध्यापिका कविता चौधरी ने भारतीय सेना के ऑपरेशन विजय की सफलता और उसके ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डाला। अध्यापक नरेश पंवार ने टाइगर हिल, द्रास सेक्टर और लेह-लद्दाख क्षेत्र के रणनीतिक महत्व से छात्राओं को अवगत कराया। अध्यापक महेंद्र देवासी ने कारगिल विजय के महत्व पर विचार व्यक्त किए, जबकि व्याख्याता रमेश कुमार ने कारगिल युद्ध के वीर शहीदों के अद्वितीय बलिदान और परमवीर चक्र विजेता कैप्टन विक्रम बत्रा के शौर्य का प्रेरक वर्णन किया। अध्यापिका सीता शर्मा ने छात्राओं को राष्ट्रसेवा का संकल्प दिलाते हुए भारतीय सेना में भर्ती के लिए आवश्यक योग्यताओं एवं अवसरों की जानकारी दी। अध्यापक चेनाराम ने पाकिस्तान की नापाक हरकतों तथा भारतीय सेना की सतर्कता और पराक्रम पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम के समापन पर अध्यापक देशराज, दुर्जन सिंह (पंचायत शिक्षक) तथा विद्यार्थी सहायक आरती और पायल के निर्देशन में विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अंत में विद्यालय परिवार एवं छात्राओं ने कारगिल के वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया।
कारगिल विजय दिवस पर गूंजे भारत माता के जयकारे, बालिकाओं ने सेना की वर्दी पहन जगाया देशभक्ति का जज्बा
By -
July 25, 2026
0
Tags: