एसकेआईटी के ईसीई विद्यार्थियों का बीएसएनएल में औद्योगिक भ्रमण

AYUSH ANTIMA
By -
0

 
जयपुर (श्रीराम इंदौरिया): स्वामी केशवानंद इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, मैनेजमेंट एंड ग्रामोत्थान (एसकेआईटी), जयपुर के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग विभाग के पंचम सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने एमआई रोड स्थित भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) का औद्योगिक भ्रमण किया। भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक दूरसंचार नेटवर्क, संचार अवसंरचना एवं नवीनतम तकनीकों की व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना था। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने ईएम एवं ब्रॉडबैंड अनुभाग, जीएसएम अनुभाग, नेटवर्क ऑपरेशन सेंटर (एनओसी) तथा 4जी अनुभाग का अवलोकन किया। बीएसएनएल के तकनीकी विशेषज्ञों ने दूरसंचार नेटवर्क की संरचना, ऑप्टिकल फाइबर आधारित संचार प्रणाली, ब्रॉडबैंड सेवाओं, मोबाइल नेटवर्क, नेटवर्क मॉनिटरिंग तथा 4जी सेवाओं के संचालन की विस्तृत जानकारी दी। विद्यार्थियों को यह भी बताया गया कि किस प्रकार नेटवर्क ट्रैफिक का प्रबंधन किया जाता है, किसी तकनीकी समस्या का त्वरित निदान एवं समाधान किया जाता है तथा उपभोक्ताओं तक निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण दूरसंचार सेवाएँ सुनिश्चित की जाती हैं। औद्योगिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न नेटवर्क उपकरणों, स्विचिंग एवं ट्रांसमिशन प्रणालियों तथा नेटवर्क नियंत्रण प्रक्रियाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। इस अवसर ने विद्यार्थियों को कक्षा में अर्जित सैद्धांतिक ज्ञान को वास्तविक औद्योगिक परिवेश से जोड़ने तथा दूरसंचार क्षेत्र में उभरती तकनीकों एवं रोजगार की संभावनाओं को समझने का अवसर प्रदान किया। इस औद्योगिक भ्रमण का समन्वयन डॉ.शुभी जैन, डॉ.विकास पाठक, डॉ.हर्षल निगम एवं सुश्री रुचि महावर द्वारा किया गया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!