कोटपूतली (ईशाक खान): राजस्थान समान नागरिक संहिता-2026 के संबंध में संभाग स्तरीय एवं जिला स्तरीय जनसुनवाई शुक्रवार को विधेयक प्रारूप समिति के अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी शत्रुघ्न सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। जिला स्तर से वीसी के माध्यम से जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता की मौजूदगी में जनप्रतिनिधिगण, विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधि, प्रतिष्ठित शिक्षाविद, विधिवेत्ता, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि, राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों व आमजन ने उपस्थित रहकर अपने सुझाव दिए। विधेयक प्रारूप समिति के अध्यक्ष शत्रुघ्न सिंह ने कहा कि राजस्थान सरकार समान नागरिक संहिता के संबंध में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करना चाहती है। इसी उद्देश्य से जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं, विधि विशेषज्ञों, शिक्षाविदों, सामाजिक संगठनों तथा आमजन से सुझाव प्राप्त किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि समान नागरिक संहिता की मूल भावना विवाह, विवाह विच्छेद, भरण-पोषण, उत्तराधिकार तथा लिव-इन रिलेशनशिप जैसे विषयों पर सभी नागरिकों के लिए समान एवं न्यायसंगत व्यवस्था विकसित करना है। उन्होंने बताया कि जनसुनवाई के दौरान प्राप्त सुझावों एवं अभिमतों का गहन विश्लेषण किया जाएगा। प्राप्त सुझावों के आधार पर समान नागरिक संहिता के विधेयक का प्रारूप तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समिति समर्थन, संशोधन एवं असहमति सहित सभी प्रकार के सुझावों का स्वागत कर रही है तथा सभी सुझावों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। उन्होंने इस दौरान सभी नागरिकों से अपील की है कि वे यूसीसी के संबंध में अपने सुझाव दें ताकि उनके सुझावों के आधार पर एक मजबूत, न्यायसंगत, व्यावहारिक समान नागरिक संहिता कानून का निर्माण राज्य में किया जा सकें। जनप्रतिनिधियों, विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधियों, सामाजिक विज्ञान एवं विधि क्षेत्र से जुड़े शिक्षाविदों, अधिवक्ताओं, गैर-सरकारी संगठनों, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों तथा प्रबुद्ध नागरिकों ने समान नागरिक संहिता के विभिन्न पहलुओं पर अपने सुझाव एवं विचार समिति के समक्ष रखे। समिति सदस्यों ने बताया कि समान नागरिक संहिता के विधेयक के प्रारूप को समावेशी और पारदर्शी बनाने के लिए आमजन जनसुनवाई के साथ वेबसाइट के माध्यम से अपने बहुमूल्य सुझाव साझा कर सकते है। उन्होंने बताया कि राजस्थान के समस्त जनआधार कार्ड धारकों को एसएमएस भेजा गया है। यूसीसी राजस्थान की वेबसाईट के लिंक https://ucc.rajasthan.gov.in पर क्लिक करने पर मोबाईल नम्बर अथवा जनआधार नम्बर फीड करना होगा। इससे पंजीकृत मोबाईल नम्बर पर ओटीपी जाएगा। ओटीपी डालने पर व्यक्तिगत अथवा संस्था में से एक को चुनना होगा। इसके पश्चात विकल्प फार्म खुलेगा। इसमें दिए गए प्रश्नों में से हां अथवा नहीं का विकल्प चुनना होगा। इनके अतिरिक्त व्यक्ति 400 शब्दों में अपने सुझाव भी दे सकते हैं। सुझाव अथवा ज्ञापन की प्रति का पीडीएफ भी संलग्न किया जा सकता है। जनसुनवाई में एसपी सतवीर सिंह, एडीएम ओमप्रकाश सहारण, एएसपी नाजिम अली, एसडीएम योगेश सिंह देवल सहित समिति सदस्य एवं गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।
राजस्थान समान नागरिक संहिता पर आयोजित हुई जनसुनवाई, विभिन्न वर्गों से लिए गए सुझाव
By -
July 10, 2026
0
Tags: