लिपिक भर्ती परीक्षा में व्यवस्था इतनी चुस्त कि नकल माफिया भी बोले – “आज छुट्टी ही रहने दो

AYUSH ANTIMA
By -
0


टोंक (लालचंद माली): राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड जयपुर द्वारा आयोजित लिपिक ग्रेड द्वितीय/कनिष्ठ सहायक संयुक्त सीधी भर्ती परीक्षा-2026 जिले भर में इतनी सख्ती और व्यवस्था के बीच संपन्न हुई कि अभ्यर्थियों से ज्यादा पसीना शायद नकल करने की उम्मीद लेकर बैठे लोगों का निकल गया। पूरे जिले में ऐसा माहौल देखने को मिला, मानो किसी भर्ती परीक्षा का नहीं, बल्कि सुरक्षा एजेंसियों के विशेष अभियान का संचालन हो रहा हो। जिले के 45 परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही अभ्यर्थियों की लंबी कतारें दिखाई दीं। पहचान पत्र जांच, बायोमेट्रिक सत्यापन और सघन तलाशी के बाद ही प्रवेश मिला। कई अभ्यर्थियों को तो यह एहसास तक होने लगा कि वे नौकरी की परीक्षा देने आए हैं या किसी उच्च सुरक्षा क्षेत्र में प्रवेश की अनुमति लेने। प्रथम पारी में 80.80 प्रतिशत और दूसरी पारी में 80.16 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज हुई। यानी हजारों अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि कुछ अभ्यर्थी शायद अब भी अलार्म घड़ी और किस्मत दोनों को कोस रहे होंगे। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, वीडियोग्राफी और उड़नदस्तों की सक्रियता ऐसी रही कि जिले में हवा भी चली तो शायद उसकी भी निगरानी दर्ज हो गई होगी। वरिष्ठ अधिकारी लगातार निरीक्षण करते रहे और व्यवस्था का ऐसा पहरा रहा कि अनुचित साधनों के प्रयोग करने वालों को भी लगा होगा कि आज रचनात्मकता घर पर ही छोड़ आना बेहतर था। भीषण गर्मी के बीच प्रशासन ने पेयजल, छाया और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था की। कुल मिलाकर परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और जिले में ऐसी व्यवस्था देखने को मिली, जिसे देखकर आम दिनों में सरकारी दफ्तर आने वाले लोग शायद एक सवाल जरूर पूछ बैठें — “क्या यह वही व्यवस्था तंत्र है, जो बाकी दिनों में भी मिलता है।”
Tags:

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!