निवाई (लालचंद माली): श्री चारभुजानाथ मंदिर के सत्संग भवन में श्री कृष्ण सत्संग प्रचार समिति के तत्वावधान में आयोजित हरिनाम संकीर्तन में श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भक्ति रस में डूबकर भगवान का गुणगान किया। कार्यक्रम का शुभारंभ राजेंद्र प्रसाद, अशोक कुमार एवं रामकिशन टोड़वाल ने भगवान गीता गोपाल और ब्रह्मलीन संत कृष्णानंद महाराज के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। सुबह श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। दोपहर में संगीतमय हरिनाम संकीर्तन का आयोजन हुआ, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु साज-बाज के साथ शामिल हुए। भक्ति गीतों और भजनों की मधुर प्रस्तुति पर श्रद्धालु भावविभोर होकर भक्ति नृत्य करते नजर आए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
कार्यक्रम के समापन पर महाआरती कर श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई। इस अवसर पर बद्रीनारायण पारीक, कैलाश अग्रवाल, रामबाबू भांची, कजोड़ मल शर्मा, रामप्रसाद पराणा सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।