निवाई (लालचंद माली): अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद राजस्थान के जयपुर प्रांत की टोंक इकाई के पुनर्गठन को लेकर रविवार को निवाई में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन के प्रदेश एवं प्रांत स्तर के वरिष्ठ पदाधिकारियों की उपस्थिति रही, जिसमें संगठन को और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद राजस्थान के जयपुर प्रांत अध्यक्ष एयर कमोडोर चंद्रमौली (वीएसएम), प्रदेश संगठन सचिव कैप्टन हनुमान सिंह, प्रांत सचिव जे.डब्ल्यू.ओ. डाल सिंह शेखावत तथा जयपुर प्रांत संगठन सचिव सीआई भवानी सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। साथ ही टोंक संघचालक पुरुषोत्तम शर्मा ने भी बैठक में सहभागिता की।
संगठन के विस्तार एवं मजबूती को ध्यान में रखते हुए उपस्थित सदस्यों की सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। बैठक में कैप्टन सीताराम गुर्जर को संयोजक, कैप्टन भगवान सहाय शर्मा को सह संयोजक, हवलदार आत्माराम को सहसचिव, हवलदार श्रवण लाल गुर्जर को सचिव, सूबेदार शंभु सिंह को कोषाध्यक्ष तथा शिवजी लाल गुर्जर (बीएसएफ) को आमंत्रित सदस्य नियुक्त किया गया। इसके अलावा हवलदार कर्ण सिंह राजावत एवं हवलदार भंवर लाल गुर्जर को सदस्य बनाया गया। बैठक में वरिष्ठ सदस्य दुर्गालाल, सवाई सिंह सहित अनेक गौरव सेनानी एवं पैरा मिलिट्री के जवान उपस्थित रहे। बैठक के दौरान वक्ताओं ने कहा कि पूर्व सैनिक राष्ट्र सेवा के साथ-साथ समाज सेवा में भी अहम भूमिका निभाते हैं तथा संगठन के माध्यम से पूर्व सैनिकों के हितों की रक्षा एवं सामाजिक सरोकारों को मजबूती प्रदान करने के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा।