मंडी में अब सुरक्षा का सख्त पहरा: स्थायी पुलिस चौकी को मंजूरी, भू-माफिया व चोरों पर एसपी का कड़ा संदेश

AYUSH ANTIMA
By -
0


निवाई (लालचंद माली): कृषि उपज मंडी परिसर में व्यापारियों, किसानों और पल्लेदारों की सुरक्षा को लेकर जिला पुलिस प्रशासन ने बड़ा कदम उठाते हुए मंडी में स्थायी पुलिस चौकी खोलने की स्वीकृति दे दी है। भगवान लक्ष्मीनारायण मंदिर परिसर में आयोजित जिला पुलिस प्रशासन एवं व्यापार जगत संवाद कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक रोशन मीणा ने स्पष्ट कहा कि मंडी में व्यापारियों, किसानों और श्रमिकों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। पुलिस उनकी सुरक्षा और समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए पूरी तरह कटिबद्ध है। एसपी रोशन मीणा ने व्यापारियों से अपील की कि यदि किसी भू-माफिया ने उनकी भूमि पर अवैध कब्जा कर रखा है तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि तुरंत कार्रवाई की जा सके। उन्होंने सभी व्यापारियों को अपने कर्मचारियों और श्रमिकों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराने की सलाह देते हुए कहा कि इससे भविष्य में होने वाले अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा। साथ ही मंडी में लेन-देन के दौरान होने वाली धोखाधड़ी की सूचना भी तुरंत पुलिस को देने का आग्रह किया। डीवाईएसपी रविप्रकाश शर्मा ने व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों पर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इससे अपराध या दुर्घटना की स्थिति में आरोपियों की पहचान आसान होगी। उन्होंने श्रमिकों का दुर्घटना बीमा कराने की भी सलाह दी, ताकि किसी हादसे की स्थिति में उन्हें आर्थिक सहायता मिल सके।
व्यापार मंडल अध्यक्ष ओमप्रकाश चंवरिया ने रात्रि के समय नशाखोरों द्वारा गोदामों में चोरी की घटनाओं का मुद्दा उठाते हुए पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की। वहीं, तेल मिल्स एसोसिएशन के अध्यक्ष पारस पहाड़ी ने औद्योगिक क्षेत्र में फायर ब्रिगेड स्टेशन स्थापित करने की आवश्यकता बताई। व्यापारियों ने ओवरलोड वाहनों, तेज आवाज में पटाखे छोड़ने वाली बाइकों और यातायात अव्यवस्था पर भी सख्त कार्रवाई की मांग रखी। सभी मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए एसपी रोशन मीणा ने भरोसा दिलाया कि रात्रि गश्त बढ़ाई जाएगी, चोरी की घटनाओं पर सख्ती से अंकुश लगाया जाएगा, शहर के बंद पड़े सीसीटीवी कैमरे दुरुस्त करवाए जाएंगे तथा यातायात व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित बनाया जाएगा।
संवाद कार्यक्रम के अंत में व्यापारियों ने एसपी रोशन मीणा, डीवाईएसपी रविप्रकाश शर्मा और थानाधिकारी घासीराम मीणा का साफा एवं माला पहनाकर सम्मान किया। कार्यक्रम में विष्णु बोहरा, ओमप्रकाश गुप्ता, महावीर माधोराजपुरा, अखिल कटारिया, नितिन छाबड़ा, मोहित चंवरिया, राजेंद्र चौधरी, शिवप्रकाश पारीक, केदार खंडेलवाल, रवि अग्रवाल, सतीश चौधरी, दीपक गुप्ता, पवन बोहरा, पारस जैन सिरस, ललित जैन, टोनू जैन शिवाड़, गोपेश टोड़वाल, राधामोहन खंडेलवाल, राकेश जैन, चेतन जैन, मुरारी पंडा सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!