निवाई (लालचंद माली): राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार शनिवार को तालुका विधिक सेवा समिति, निवाई के तत्वावधान में न्यायालय परिसर में विशेष लोक अदालत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश एवं तालुका विधिक सेवा समिति की अध्यक्ष ईशा सांघी ने की।
विशेष लोक अदालत में सदस्य अधिवक्ता कोशल किशोर जाट की उपस्थिति में कुल 10 प्रकरणों का आपसी समझौते के आधार पर सफलतापूर्वक निस्तारण किया गया। इन प्रकरणों में पक्षकारों के बीच सहमति बनने से 36 लाख 39 हजार 436 रुपये की वसूली भी कराई गई। लोक अदालत के दौरान न्यायालय परिसर में बड़ी संख्या में पक्षकार, अधिवक्तागण, न्यायिक कर्मचारी तथा विधिक सेवा समिति से जुड़े कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अध्यक्ष ईशा सांघी ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर लंबे समय से लंबित मामलों का मौके पर ही शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण समाधान कराया। इस अवसर पर अध्यक्ष ने कहा कि लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य आमजन को सुलभ, त्वरित एवं कम खर्चीला न्याय उपलब्ध कराना तथा आपसी सहमति से विवादों का स्थायी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने लोक अदालत की सफलता पर सभी संबंधित पक्षों, अधिवक्ताओं, न्यायिक अधिकारियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों में अधिकाधिक सहभागिता की अपील की।