झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक गुरुवार को जिला परिषद सभागार में सांसद बृजेंद्र ओला की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित कार्य शीघ्र पूर्ण करने तथा योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में मंडावा विधायक रीटा चौधरी, पिलानी विधायक पितराम काला, उदयपुरवाटी विधायक भगवानाराम सैनी, जिला कलेक्टर डॉ.अरुण गर्ग, पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी परशुराम धानका सहित जिला एवं उपखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। सांसद बृजेंद्र ओला ने सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना के कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने पीएम श्री विद्यालयों में बालिकाओं के शौचालय निर्माण के लिए राशि जारी होने के बावजूद कार्य शुरू नहीं होने पर नाराजगी जताई और कहा कि सांसद निधि से स्वीकृत कार्यों में किसी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने जल जीवन मिशन, राष्ट्रीय राजमार्ग, पीएमकेकेवाई, कृषि, पशुपालन, स्वास्थ्य, खाद्य सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा पेंशन तथा अल्पसंख्यक छात्रवृत्ति सहित विभिन्न योजनाओं की विभागवार समीक्षा की। सांसद ओला ने कहा कि जिन भवनों अथवा परियोजनाओं पर सरकारी धन व्यय होता है, उनके शिलान्यास एवं उद्घाटन में नियमानुसार जनप्रतिनिधियों का नाम अंकित किया जाना चाहिए। मंडावा विधायक रीटा चौधरी ने राज्यसभा सांसद निधि से स्वीकृत कार्यों में देरी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिकारियों को शीघ्र कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूली बाल वाहिनियों की नियमित जांच सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। विधायक ने कहा कि मिठवास में चिकित्सा विभाग का उप स्वास्थ्य केंद्र दो वर्ष पूर्व बनकर तैयार हो चुका है, लेकिन उद्घाटन नहीं होने के कारण उसका उपयोग नहीं हो पा रहा है। उन्होंने अधिकारियों से ऐसे भवनों को उद्घाटन की औपचारिकता का इंतजार किए बिना जनहित में उपयोग में लेने के निर्देश दिए।
उदयपुरवाटी विधायक भगवानाराम सैनी ने छापोली, बागोली, पंचलंगी तथा उदयपुरवाटी क्षेत्र में ओवरलोड वाहनों के संचालन का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इससे ग्रामीण सड़कों को नुकसान पहुंच रहा है तथा आमजन की सुरक्षा भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने धूल प्रदूषण की समस्या पर भी चिंता जताई। इस पर जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने खान, परिवहन एवं पुलिस विभाग को संयुक्त अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। पिलानी विधायक पितराम काला ने जर्जर विद्यालय भवनों के शीघ्र पुनर्निर्माण की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही पिलानी क्षेत्र में पेयजल संकट के समाधान के लिए डीएमएफटी मद से स्वीकृत नलकूपों का निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग की।
बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के साथ अधिकारियों को समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर आमजन तक पहुंच सके।