दत्तवास (लालचंद माली): अवैध खनन और खनिज परिवहन पर लगाम कसने के अभियान के बीच दत्तवास थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध चैजा पत्थर से भरी दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त कर दो चालकों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर अवैध पत्थर का यह कारोबार किसके संरक्षण में फल-फूल रहा था और अब क्या इस नेटवर्क के बड़े चेहरे भी कानून के शिकंजे में आएंगे। पुलिस अधीक्षक रोशन मीना के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतन लाल भार्गव तथा निवाई वृत्ताधिकारी रवि प्रकाश शर्मा के सुपरविजन में दत्तवास थाना प्रभारी उपनिरीक्षक सुश्री निरमा के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की। जांच के दौरान चैजा पत्थर का परिवहन कर रहे दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को रोककर दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वैध अनुमति नहीं मिलने पर दोनों वाहनों को जब्त कर चालकों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बाबूलाल पुत्र बद्रीलाल गुर्जर (30) निवासी श्रीराजधानपुरा, थाना दत्तवास तथा जीतराम सैनी पुत्र पप्पूलाल सैनी (26) निवासी मित्रपुरा, जिला सवाई माधोपुर के रूप में हुई है। दोनों मामलों में दत्तवास थाने में प्रकरण संख्या 117/2026 एवं 118/2026 दर्ज कर धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता तथा 4/21 एमएमडीआर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि वाहनों के वास्तविक मालिकों तथा अवैध खनन एवं परिवहन से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। इस कार्रवाई में हेड कांस्टेबल रामफूल तथा कांस्टेबल बलवंत, शिवजी प्रसाद और हरिशंकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। हालांकि अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि कार्रवाई केवल ट्रैक्टर चालकों तक सीमित रहती है या फिर अवैध खनन के असली सरगनाओं तक भी कानून का शिकंजा पहुंचता है।
पत्थर माफियाओं पर दत्तवास पुलिस का हथौड़ा, दो ट्रैक्टर जब्त... अब बड़े खिलाड़ियों की बारी
By -
July 15, 2026
0
Tags: