निवाई (लालचंद माली): अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत निवाई पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध चैजा पत्थर से भरे दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए हैं। पुलिस की कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध खनन से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया। थानाधिकारी घासीराम मीणा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक रोशन मीणा के निर्देशानुसार अवैध चैजा पत्थर खनन एवं परिवहन की रोकथाम के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतन लाल भार्गव तथा डीवाईएसपी रविप्रकाश शर्मा के सुपरविजन में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस टीम गश्त पर थी। बनस्थली रोड स्थित पुसवाडिया की ढाणी के समीप जीएसएस के पास पुलिस ने अवैध चैजा पत्थर से भरे दो ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़े। पुलिस टीम को देखते ही दोनों ट्रैक्टरों के चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर थाना परिसर में सुरक्षार्थ खड़े करवा दिए हैं। मामले में चालक एवं वाहन मालिकों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून तोड़ने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।