बीकानेर (मुकेश रामावत): कोलायत,
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा का मंगलवार को कोलायत पंचायत समिति में आयोजित लाभार्थी सम्मेलन और जनसुनवाई कार्यक्रम विरोध के बीच संपन्न हुआ।
कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने मंच और प्रचार सामग्री पर क्षेत्रीय विधायक की तस्वीर नहीं लगाने और उन्हें आमंत्रित नहीं करने पर नाराजगी जताई। लोगों ने "जनप्रतिनिधि का सम्मान करो" के नारे लगाए और मंत्री से सीधा सवाल किया। बढ़ते आक्रोश को देखते हुए मंत्री गोदारा मंच से नीचे उतरकर कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे। उन्होंने सभी की बातें सुनी और समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया। वहीं कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकारी कार्यक्रम को चमकाने के लिए स्थानीय नेताओं को दरकिनार कर बाहरी लोगों को तरजीह दी गई। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि पंचायत समिति के कार्यक्रम के चलते अधिकारियों के गांवों में लगे शिविर ठप हो गए, जिससे सैकड़ों लोगों को परेशानी हुई।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि उनका विरोध टकराव के लिए नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता और जनप्रतिनिधि के सम्मान के लिए है।