निवाई (लालचंद माली): नगर पालिका परिसर में शनिवार को स्वायत्त शासन विभाग के निर्देशानुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बालोतरा जिले के पंचपदरा दौरे के दौरान आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों का लाइव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए थे, लेकिन कई विभागों के अधिकारियों की कार्यशैली कार्यक्रम के दौरान चर्चा का विषय बनी रही। जानकारी के अनुसार कुछ अधिकारी कार्यक्रम में केवल उपस्थिति दर्ज करवाकर रवाना हो गए, जबकि कई विभागों के अधिकारी कार्यक्रम से पूरी तरह अनुपस्थित रहे। केंद्र सरकार के महत्वपूर्ण कार्यक्रम में अधिकारियों की कथित अनुपस्थिति को लेकर विभिन्न स्तरों पर सवाल उठने लगे। लोगों के बीच यह भी चर्चा रही कि जिन अधिकारियों को सरकारी कार्यक्रमों में गंभीरता दिखानी चाहिए, वे अपने दायित्वों के प्रति उदासीन नजर आ रहे हैं। क्षेत्र में विशेष रूप से राजस्व विभाग, बिजली विभाग तथा सार्वजनिक निर्माण विभाग को लेकर आमजन की ओर से पहले भी शिकायतें सामने आती रही हैं। ऐसे में लाइव प्रसारण कार्यक्रम में इन विभागों के अधिकारियों की अनुपस्थिति चर्चा का विषय बनी रही। लोगों के बीच यह चर्चा भी रही कि संबंधित विभागों के कुछ अधिकारी स्वयं को व्यवस्था से ऊपर मानकर कार्य शैली अपनाते दिखाई दे रहे हैं, जिससे आमजन में नाराजगी बढ़ रही है। लोगों का कहना रहा कि यदि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो ऐसी प्रवृत्ति आगे भी जारी रह सकती है। आमजन के बीच यह मांग भी उठती दिखाई दी कि सरकार को ऐसे मामलों में सख्त रुख अपनाना चाहिए, ताकि अन्य अधिकारियों को भी जवाबदेही का संदेश मिल सके। हालांकि संबंधित विभागों की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। कार्यक्रम के दौरान उपखंड अधिकारी गंभीर सिंह, अधिशासी अधिकारी मनोहर लाल जाट, भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष नितिन छाबड़ा, महामंत्री जयनारायण कुमावत, पार्षद परसराम कुमावत, शंकरलाल सैनी, मंजू मीणा, सहायक अभियंता पप्पूलाल मीणा, कनिष्ठ अभियंता राजप्रताप सिंह राणावत, कोमल सैनी, स्वास्थ्य निरीक्षक गजेंद्र सिंह सहित कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
मोदी के लाइव कार्यक्रम में अफसरशाही बेपरवाह: हाजिरी लगाकर खिसके अधिकारी, गैरहाजिर विभागों पर उठे बड़े सवाल
By -
July 04, 2026
0
Tags: