मुंडावर: नगर पालिका क्षेत्र के किसानों ने रविवार को विद्युत विभाग द्वारा कथित अवैध वसूली और मुख्यमंत्री निशुल्क विद्युत योजना से वंचित किए जाने के विरोध में केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव को ज्ञापन सौंपा। किसानों ने बताया कि नगर पालिका क्षेत्र से बाहर के ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों को मुख्यमंत्री निशुल्क विद्युत योजना का लाभ मिल रहा है, जबकि मुंडावर नगर पालिका क्षेत्र के किसानों को इस योजना से बाहर रखा गया है। किसानों ने सवाल उठाया कि आखिर उन्होंने ऐसा कौन-सा अपराध किया है, जिसके कारण उन्हें इस राहत से वंचित रखा गया है। ज्ञापन के दौरान मंत्री भूपेंद्र यादव ने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी समस्या का समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा और उन्हें राहत दिलाई जाएगी। हालांकि किसानों ने स्पष्ट किया कि जब तक सरकार की ओर से इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी नहीं किए जाते, तब तक उनका आंदोलन और संघर्ष जारी रहेगा। इस दौरान महिपाल सारण, कपिल चौधरी, किसान महापंचायत के पदाधिकारी रामभरोसे, शेरसिंह चौधरी, राजकुमार चौधरी, मिस्री दत्त सहित मुंडावर, गांधी नगर, तीनकरुडी, श्योपुर, मोहम्मदपुर, रैनागिरी एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
विद्युत विभाग की कथित अवैध वसूली के विरोध में किसानों ने केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव को सौंपा ज्ञापन
By -
July 05, 2026
0
Tags: