टोंक (लालचंद माली): देवली पुलिस को साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। शेयर मार्केट में निवेश का झांसा देकर लोगों को ठगी का शिकार बनाने वाली राज्यस्तरीय साइबर गैंग के मुख्य सरगना पंखीलाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपना हुलिया बदल रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 7 मोबाइल फोन, इंटरनेट सेटअप, एक कार तथा 7 सिम कार्ड बरामद किए हैं। जांच में सामने आया कि आरोपी और उसके साथी फेसबुक व इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विज्ञापन चलाकर लोगों को शेयर मार्केट में भारी मुनाफे का लालच देते थे और फिर निवेश के नाम पर ठगी करते थे। इस गिरोह के चार अन्य सहयोगियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपियों के बैंक खातों और दस्तावेजों की जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। पुलिस को आशंका है कि लालच में आकर कई लोग करोड़ों रुपए की ठगी का शिकार हुए हैं। जांच के दौरान राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर सह-आरोपियों के बैंक खातों से जुड़ी तीन शिकायतें दर्ज मिली हैं। वहीं खातों में ठगी से जुड़े 6 लाख 42 हजार रुपए की राशि मिलने की जानकारी सामने आई है। पुलिस से बचने के लिए आरोपी पंखीलाल लेह-लद्दाख, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली और पंजाब में लगातार ठिकाने बदलता रहा। पुलिस टीम ने भी रणनीतिक तरीके से आरोपी के गांव और रिश्तेदारों पर वेश बदलकर खुफिया निगरानी रखी। आखिरकार आरोपी के जयपुर पहुंचने की सूचना मिलते ही पुलिस ने उसे दबोच लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों तथा ठगी के नेटवर्क की जांच जारी है।
हुलिया बदलकर भाग रहा साइबर ठगी गैंग का मास्टरमाइंड दबोचा, शेयर मार्केट के नाम पर करोड़ों की ठगी का खुलासा
By -
July 05, 2026
0
Tags: