नीमराना: दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर नीमराना थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक आम से भरी पिकअप और टेम्पो के बीच भीषण सड़क हादसा हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप के अगले हिस्से में आग लग गई। हादसे में दोनों वाहनों के चालक घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए नीमराना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार हादसा देर रात करीब 2 बजे श्याम बाबा मंदिर के समीप हुआ। आम से लदी पिकअप ने आगे चल रहे टेम्पो को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें अचानक आग लग गई।
*आधे घंटे की मशक्कत के बाद बुझी आग*
हादसे की सूचना मिलते ही नीमराना थाना पुलिस और गश्ती दल मौके पर पहुंच गए। इसके बाद दमकल विभाग को सूचना दी गई। दमकलकर्मियों ने करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पिकअप का बड़ा हिस्सा जलकर क्षतिग्रस्त हो चुका था।
*हाईवे पर बिखरे आम, लोगों की लगी भीड़*
हादसे के बाद पिकअप में लदे आम सड़क पर दूर-दूर तक बिखर गए। शनिवार सुबह बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और सड़क पर बिखरे आमों को उठाकर ले जाने की होड़ लग गई। इस दौरान कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारू कराया तथा क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर मार्ग को सामान्य कराया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।