वांछित आरोपी पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला, परिजनों ने छुड़ाकर भगाया

AYUSH ANTIMA
By -
0


बीकानेर (मुकेश रामावत): गंगाशहर थाना क्षेत्र में वांछित आरोपियों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला कर आरोपियों को छुड़ाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने कई लोगों के खिलाफ राजकार्य में बाधा पहुंचाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, कांस्टेबल सोहन लाल गुर्जर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 29 जून को एक वारंटी को न्यायालय में पेश करने के बाद उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि एनडीपीएस एक्ट व अन्य मामलों में वांछित आरोपी इन्द्र विश्नोई अपने घर गोपेश्वर बस्ती में मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम ने गोपेश्वर बस्ती स्थित मकान पर दबिश दी। वहां से वांछित आरोपी इन्द्र विश्नोई और अजय नायक को पकड़ लिया गया। जब पुलिस टीम दोनों आरोपियों को नीचे लेकर आई, तो उन्होंने शोर मचाकर खुद को छुड़ाने का प्रयास किया। इसी दौरान आरोपी इन्द्र विश्नोई के परिजन और अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि भारमल विश्नोई, किशन राजपूत, इन्द्र विश्नोई की मां और दादी ने पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की की, गाली-गलौज की और बलपूर्वक दोनों आरोपियों को छुड़ाकर भगा दिया। इस दौरान कांस्टेबल सोहनलाल का हाथ भी मरोड़ दिया गया, जिससे उन्हें चोटें आई। सूचना पर अतिरिक्त पुलिस जाब्ता भी मौके पर पहुंचा, लेकिन आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ राजकार्य में बाधा डालने, सरकारी कर्मचारी से मारपीट, आरोपियों को शरण देने और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है तथा पूरे मामले की जांच एएसआई हरसुखराम को सौंपी गई है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!