खेलों का सबसे बड़ा महाकुंभ शुरू: शीतल देवी को देखने उमड़ा जनसैलाब, तीन हजार खिलाड़ियों के जोश से गूंजा पुष्करणा स्टेडियम

AYUSH ANTIMA
By -
0


बीकानेर (मुकेश रामावत): बीकानेर के खेल इतिहास में सोमवार की शाम एक नया अध्याय जुड़ गया, जब पुष्करणा स्टेडियम हजारों खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और दर्शकों की उत्साहपूर्ण मौजूदगी से गुलजार हो उठा। नंदलाल जोशी चैरिटेबल फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित 'खेलो बीकानेर यूथ गेम्स 3.0' का भव्य उद्घाटन रंगारंग समारोह के साथ हुआ। लगभग 3000 खिलाड़ियों की सहभागिता ने यह साबित कर दिया कि बीकानेर अब खेलों की नई पहचान बनने की ओर तेजी से बढ़ रहा है। उद्घाटन समारोह का शुभारंभ आकाश में रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़कर किया गया। इसके बाद दीप प्रज्वलन के साथ खेल महाकुंभ का विधिवत शुभारंभ हुआ। समारोह में उपस्थित अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। वरिष्ठ उद्घोषक रविंद्र हर्ष ने अतिथियों का परिचय कराते हुए स्वागत दिया, जबकि मंच संचालन ज्योति प्रकाश रंगा ने किया। कार्यक्रम के अंत में फाउंडेशन की निदेशक पूजा आचार्य ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, सहयोगियों एवं प्रायोजकों का आभार व्यक्त किया। इससे पहले नंदलाल जोशी फाउंडेशन के निदेशक अनिल जोशी ने बताया कि 18 गेम्स होंगे, जो शहर के 12 खेल मैदानों में आयोजित होंगे। पांच दिन में 3000 से अधिक खिलाड़ी दमखम दिखाएंगे।

*शीतल देवी बनी खिलाड़ियों की प्रेरणा*

उद्घाटन समारोह का सबसे बड़ा आकर्षण अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित एवं विश्वविख्यात पैरा तीरंदाज शीतल देवी रहीं। जन्म से दोनों हाथ नहीं होने के बावजूद पैरों की सहायता से तीरंदाजी कर विश्वभर में भारत का नाम रोशन करने वाली शीतल देवी के स्टेडियम पहुंचते ही पूरा वातावरण तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। हजारों खिलाड़ी उन्हें देखने, उनके साथ फोटो खिंचवाने और सेल्फी लेने के लिए उत्साहित दिखाई दिए। 

*मार्च पास्ट, योग, कुडो और बॉक्सिंग ने बांधा समां*

उद्घाटन समारोह की शुरुआत खिलाड़ियों के अनुशासित मार्च पास्ट से हुई, जिसने दर्शकों का दिल जीत लिया। इसके बाद कुडो के रोमांचक प्रदर्शन और योग की मनमोहक प्रस्तुतियों ने खेल, अनुशासन और भारतीय संस्कृति का सुंदर संदेश दिया। शाम होते-होते बॉक्सिंग प्रतियोगिताओं के साथ खेल मुकाबलों का विधिवत शुभारंभ हुआ। वहीं रंग-बिरंगी आतिशबाजी ने पूरे पुष्करणा स्टेडियम को रोशनी और उल्लास से भर दिया।

*अतिथियों ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह*

इस अवसर पर प्रसिद्ध उद्यमी अविनाश मोदी ने कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण का सबसे सशक्त माध्यम हैं। ऐसे आयोजन प्रतिभाओं को मंच देने के साथ-साथ अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास का विकास करते हैं। देवकिशन चांडक ने कहा कि खेलो बीकानेर यूथ गेम्स जैसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरी निष्ठा, ईमानदारी से खेलना चाहिए। जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष डी.पी. पच्चीसीया ने कहा कि बीकानेर में खेलों के क्षेत्र में हो रहे ऐसे प्रयास भविष्य में शहर की नई पहचान बनेंगे।

*गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति*

उद्घाटन समारोह में शहर के उद्योग, व्यापार, खेल एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े अनेक प्रतिष्ठित व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। समारोह में मोदी डेयरी के अविनाश मोदी, देवकिशन चांडक देवश्री, सुमति सुराणा, सुनीत गांधी, ज्योतिषाचार्य पंडित प्रदीप किराडू, रामरतन धारणिया, जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष डीपी पच्चीसीया, पैरा ओलम्पियन श्याम सुंदर स्वामी, एसबीआई बैंक के प्रतिनिधि, विनोद बाफना, राजेश पारीक, पिंटू राठी, वीरेंद्र किराडू, विवेक गोयल, राजेंद्र जोशी, राजेश चूरा, अनिल बोडा, डॉ.सुभाष जोशी, जेपी व्यास, मधु खत्री, सीताराम कच्छावा, राजकीय अभिभाषक राधेश्याम सेवग व जार के जिलाध्यक्ष प्रमोद आचार्य सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, खेल प्रेमी, खिलाड़ी, प्रशिक्षक एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!