रानीवाड़ा/जालौर (महेन्द्र देवासी): तहसील क्षेत्र के देवनगरी दाँतवाड़ा स्थित प्राचीन शक्ति पीठ हिंगलाज माताजी, 52 वीर मामाजी एवं महाकाल भैरवजी मंदिर में आज दूज के पावन अवसर पर विशाल धार्मिक मेले का आयोजन होगा। मेले को लेकर मंदिर परिसर में सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। राजस्थान, गुजरात सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालु हिंगलाज माताजी, 52 वीर मामाजी एवं महाकाल भैरवजी के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य, खुशहाली एवं मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना करेंगे। स्थानीय जनश्रुति के अनुसार इस प्राचीन शक्ति पीठ पर सच्ची श्रद्धा और विश्वास के साथ की गई प्रार्थना अवश्य फलित होती है। यही कारण है कि प्रत्येक माह दूज और तेरस को यहां श्रद्धालुओं का विशाल जनसैलाब उमड़ता है।
मंदिर के भोपाजी देवाराम जी देवासी एवं मुख्य पुजारी भीमारम जी देवासी की ओर से श्रद्धालुओं के लिए दिनभर निशुल्क भोजन प्रसादी की व्यवस्था की जाती है। दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए पेयजल, छाया, पार्किंग एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। दिनभर मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन, पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठानों के बीच भक्ति और आस्था का वातावरण बना रहेगा। दाँतवाड़ा का यह प्राचीन शक्ति पीठ क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है, जहां प्रतिमाह आयोजित होने वाले दूज एवं तेरस के मेले में हजारों श्रद्धालु अपनी आस्था प्रकट करने पहुंचते हैं। मंदिर समिति ने सभी श्रद्धालुओं से मेले में अनुशासन, स्वच्छता एवं धार्मिक मर्यादाओं का पालन करते हुए दर्शन करने तथा व्यवस्था बनाये रखने के सहयोग की अपील की है।