टोंक (लालचंद माली): महिलाओं के सम्मान, स्वाभिमान और आर्थिक सशक्तिकरण को नई उड़ान देने की दिशा में टोंक में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। सुलभ इंटरनेशनल की कार्यकारी संयोजक नित्या पाठक ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से 'नई दिशा' अभियान की शुरुआत करते हुए कहा कि संस्था का लक्ष्य देश के हर जिले और गांव तक इस पहल को पहुंचाना है, ताकि प्रत्येक महिला को कौशल विकास, स्वरोजगार और सम्मानजनक जीवन के अवसर उपलब्ध हो सकें। उन्होंने बताया कि सुलभ इंटरनेशनल लंबे समय से देशभर में 'नई दिशा' केंद्रों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का कार्य कर रहा है। विशेष रूप से मैला ढोने जैसी अमानवीय प्रथा से जुड़ी महिलाओं को प्रशिक्षण देकर उन्हें सम्मानजनक रोजगार से जोड़ने का अभियान सफल रहा है। प्रशिक्षण के बाद अनेक महिलाएं आज सफल उद्यमी बनकर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं। नित्या पाठक ने कहा कि बदलते दौर में महिलाओं का डिजिटल रूप से सशक्त होना भी बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से अब उन्हें डिजिटल साक्षरता का प्रशिक्षण देकर ऑनलाइन सेवाओं, डिजिटल भुगतान और स्वरोजगार के आधुनिक माध्यमों से जोड़ा जाएगा, ताकि वे आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ समाज में अपनी मजबूत पहचान भी स्थापित कर सकें। उन्होंने विश्वास जताया कि 'नई दिशा' अभियान महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ उन्हें सम्मान, आत्मविश्वास और आर्थिक मजबूती प्रदान करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
3/related/default