जयपुर (महेश झालानी): जयपुर पुलिस कमिश्नरेट में जल्द ही थाना प्रभारियों की बड़ी तबादला सूची जारी हो सकती है। पुलिस मुख्यालय और कमिश्नरेट स्तर पर इस पर मंथन अंतिम दौर में है। माना जा रहा है कि इस बार कई थानों में नए चेहरे देखने को मिलेंगे। सूत्रों के मुताबिक, इस बार सिर्फ इंस्पेक्टर ही नहीं, बल्कि अच्छा काम करने वाले और अनुभवी सब-इंस्पेक्टर को भी बड़े और महत्वपूर्ण थानों की जिम्मेदारी दी जा सकती है। पुलिस महानिदेशक भी पहले कह चुके हैं कि थाना प्रभारी बनाते समय सिर्फ पद नहीं, बल्कि अधिकारी की योग्यता और काम को महत्व दिया जाना चाहिए। जयपुर कमिश्नरेट में पहले भी जामडोली, कालवाड़, सिंधी कैंप, संजय सर्किल, भट्टा बस्ती, नाहरगढ़, पर्यटक थाना और लालकोठी जैसे थानों में सब-इंस्पेक्टर प्रभारी रह चुके हैं और उन्होंने अच्छी तरह जिम्मेदारी निभाई थी। सूत्रों का कहना है कि कई विधायक और मंत्रियों ने भी ऐसे ईमानदार और मेहनती एसआई को थाना प्रभारी बनाने की सिफारिश की है, जिनकी छवि अच्छी है और जो जनता की सुनवाई करते हैं।
दूसरी तरफ, कुछ मौजूदा थाना प्रभारी की कार्यशैली से वरिष्ठ अधिकारी भी खुश नहीं बताए जा रहे हैं। इनके खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही हैं। आरोप हैं कि कुछ थानों में फरियादियों की सुनवाई ठीक से नहीं हो रही, मामलों के निपटारे में देरी हो रही है, साथ ही अपराध नियंत्रण में अपेक्षित सफलता नहीं मिल रही और आम लोगों के साथ व्यवहार को लेकर भी सवाल उठे हैं। कुछ थाना प्रभारियों की परफॉर्मेंस रिपोर्ट भी संतोषजनक नहीं बताई जा रही है। इसके अलावा अनेक ऐसे पुलिसकर्मी थाना प्रभारी के रूप में कार्यरत है, जिनका व्यवहार बहुत बदतमीजीपूर्ण होने के साथ साथ खुलेआम रिश्वत की मांग करने से कतई नहीं हिचकिचाते है। सूत्रों का कहना है कि जिन थाना प्रभारियों के खिलाफ शिकायतें ज्यादा हैं या जिनका काम उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा, उनका तबादला लगभग तय माना जा रहा है। वहीं अच्छा काम करने वाले इंस्पेक्टरों के साथ-साथ योग्य सब इंस्पेक्टर को भी महत्वपूर्ण थानों की जिम्मेदारी मिल सकती है। यह भी चर्चा है कि इस बार कई बड़े और संवेदनशील थानों के प्रभारी बदले जा सकते हैं। कुछ अधिकारियों को लाइन में भी भेजा जा सकता है तो कुछ को कम महत्वपूर्ण थानों में लगाया जा सकता है, जबकि बेहतर रिकॉर्ड वाले अधिकारियों को अच्छी पोस्टिंग मिलने की संभावना है। अगर ऐसा हुआ तो यह हाल के वर्षों की सबसे बड़ी तबादला सूची साबित हो सकती है।