रिकॉर्ड अनुसार रास्ता बनाने की मांग, ग्रामीणों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

AYUSH ANTIMA
By -
0



खैरथल (अमित शर्मा): अगवानी दगड़े से ठेकड़ा गांव तक रिकॉर्ड अनुसार रास्ता बनवाने की मांग को लेकर अगवानी और ठेकड़ा गांव के ग्रामीणों एवं किसानों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रशासन द्वारा रिकॉर्ड में दर्ज मार्ग के बजाय मनमाने तरीके से किसानों के खेतों से रास्ता निकाला जा रहा है, जिससे किसानों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में बताया गया कि अगवानी दगड़े से ठेकड़ा गांव तक जाने वाले आम रास्ते पर आंशिक रूप से ग्रेवल सड़क का निर्माण किया गया है, जबकि पूरे मार्ग पर रिकॉर्ड के अनुसार ग्रेवल डाला जाना चाहिए। ग्रामीणों का कहना है कि रास्ते का निर्माण अधूरा छोड़ दिया गया है और वास्तविक रिकॉर्ड की अनदेखी की जा रही है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कृषि क्षेत्र में आवासीय प्लॉटिंग करने वाले कारोबारियों के दबाव तथा राजनीतिक संरक्षण के चलते प्रशासन किसानों पर दबाव बनाकर रास्ते का रुख बदलने का प्रयास कर रहा है, जो न्यायसंगत नहीं है। इससे किसानों की भूमि प्रभावित हो रही है और विवाद की स्थिति उत्पन्न हो रही है। ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर से मांग की कि अगवानी दगड़े से ठेकड़ा गांव तक पूरे रास्ते का निर्माण राजस्व रिकॉर्ड के अनुसार कराया जाए तथा अधूरे पड़े ग्रेवल कार्य को भी पूरा कराया जाए, ताकि आमजन और किसानों को राहत मिल सके।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र उचित कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होंगे। ज्ञापन पर रहमुदीन, मुस्तकीम, शम्सुदीन, निजामुदीन, हमीद खान सहित अगवानी और ठेकड़ा गांव के अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!