निवाई (लालचंद माली): पारीक समाज सेवा समिति के तत्वावधान में रविवार को समाज के मेधावी एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के सम्मान में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समिति अध्यक्ष भागीरथ पारीक के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में नीट परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले समाज के होनहार विद्यार्थियों एवं उनके परिजनों का माल्यार्पण, साफा एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया। इस अवसर पर समिति अध्यक्ष भागीरथ पारीक ने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प से ही सफलता प्राप्त होती है तथा आज सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों ने अपनी उपलब्धि से पूरे समाज का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि इन विद्यार्थियों की सफलता अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी और समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार होगा। समिति के महामंत्री मनीष केसोट ने जानकारी देते हुए बताया कि मोहन लाल पारीक के सुपौत्र अनंत पारीक हरमाड़ा तथा मुकेश पारीक के पुत्र शोभित पारीक नला के नीट परीक्षा में उत्कृष्ट सफलता प्राप्त करने पर उनका एवं उनके परिजनों का सम्मान कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गई। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि समाज के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को समय-समय पर सम्मानित करने से उनमें आत्मविश्वास बढ़ता है और अन्य छात्र-छात्राओं को भी उच्च लक्ष्य निर्धारित कर सफलता प्राप्त करने की प्रेरणा मिलती है। समाज को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए ऐसे सम्मान समारोह निरंतर आयोजित किए जाने चाहिए। इस अवसर पर महामंत्री मनीष केसोट, कोषाध्यक्ष चेतन पारीक, गोपाल कृष्ण पारीक, रमाकांत पारीक, राजेश नटवाड़ा, सुरेशचंद पारीक सहित समिति के अनेक पदाधिकारी एवं समाजजन उपस्थित रहे। समारोह के अंत में सभी ने सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर आगे बढ़ने के लिए शुभाशीष प्रदान किया।
शिक्षा ही समाज की सबसे बड़ी ताकत, नीट विजेताओं का सम्मान बना प्रेरणा का पर्व: भागीरथ पारीक
By -
July 26, 2026
0
Tags: