रानीवाड़ा/जालौर (महेंद्र देवासी): राज्य सरकार के ग्रामीण सेवा शिविर 2026 के तहत ग्राम पंचायत भाटीप में आयोजित शिविर में स्थानीय किसान सांकलाराम पुत्र नवाराम रेबारी को बड़ी राहत मिली। वर्षों से उनकी खातेदारी भूमि के राजस्व अभिलेख में नाम गलत रूप से "साँवला राम पुत्र नवा" दर्ज था। आधार पत्र और मतदाता पहचान पत्र में नाम अलग होने से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा था। शिविर प्रभारी एवं उपखंड अधिकारी सुनील कुमार, नायब तहसीलदार राणाराम राणा व सहायक कार्यालय कनिष्ठ विकास कुमार के निर्देशन में पटवारी भाणाराम तथा भू-अभिलेख निरीक्षक बाबूराम ने दस्तावेजों की जांच कर मौके पर ही नाम शुद्धि की कार्रवाई पूरी की। संशोधित नवीन जमाबंदी सांकलाराम को तुरंत सौंप दी गई। प्रसन्नचित सांकलाराम ने कहा, "अब सही नाम से जमाबंदी मिलने पर मैं प्रधानमंत्री किसान योजना का लाभ ले सकूंगा और किसान पंजीकरण भी करवा पाऊंगा।" उन्होंने ग्रामीण सेवा शिविर को आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बताते हुए राज्य सरकार व जिला प्रशासन का आभार जताया।
ग्रामीण सेवा शिविर में एक दिन में सुधरी गलती, किसान को मिला सालों से अटका लाभ
By -
July 01, 2026
0
Tags: