कोटपूतली (ईशाक खान): जिले में अपराधियों पर नकेल कसने और आमजन में सुरक्षा का भाव पैदा करने के लिए पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया है। जयपुर रेंज आईजी राहुल प्रकाश के निर्देशानुसार व जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह के नेतृत्व में जिले भर में एक दिवसीय “एरिया डोमिनेशन“ अभियान चलाया गया। इस ताबड़तोड़ कार्यवाही से पूरे जिले के अपराधियों में हड़कंप और भगदड़ मच गई।
*35 टीमें, 262 ठिकानों पर एक साथ सर्जिकल स्ट्राइक*
एसपी सतवीर सिंह के सुपरविजन में पुलिस ने इस कार्यवाही के लिए चक्रव्यूह तैयार किया था। 181 जांबाज पुलिस अधिकारियों और जवानों की 35 अलग-अलग टीमें गठित की गईं। इन टीमों ने पूरी गोपनीयता के साथ एक ही समय पर अपराधियों के 262 संभावित ठिकानों पर एक साथ दबिश और छापेमारी की। इस महा-रेड में एएसपी कोटपूतली नाजिम अली खान व नीमराना सुरेश खिंची के निर्देशन में सभी डीएसपी व थानाधिकारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
*ईनामी बदमाश गिरफ्तार व अवैध हथियार जप्त*
पुलिस की इस प्रभावी कार्यवाही में कुल 109 शातिर अपराधियों को दबोचा गया है। इनमें से 10-10 हजार के दो ईनामी और 02 हजार का एक ईनामी अपराधी पुलिस के हत्थे चढ़ा। अवैध हथियार रखने वाले तत्वों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत 03 केस दर्ज कर 03 आरोपियों को दबोचा गया, जिनसे 02 देशी कट्टा, 01 पिस्टल और 01 कारतूस बरामद हुये। आबकारी अधिनियम के तहत 06 मामले दर्ज कर 06 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और 43 लीटर देशी शराब व 02 लीटर हथकड़ शराब जब्त की गई। एनडीपीएस एक्ट में 02 मामले दर्ज कर 03 तस्करों को गिरफ्तार किया गया। अवैध खनन के खिलाफ भी 03 मुकदमे दर्ज कर 03 माफियाओं को दबोचा गया। अन्य मामलों में 08 केस दर्ज कर 08 आरोपी धरे गए। पुलिस ने कुल 19 नए मुकदमे दर्ज कर 20 आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा है। कार्यवाही में 27 महिला अत्याचार, हार्डकोर अपराधी, हिस्ट्रीशीटर, स्थाई वारंटी, वांछित व ईनामी बदमाश तथा 17 आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और आबकारी एक्ट के तहत वांछित व नवीन आरोपी और 65 अन्य आरोपियों समेत कुल 109 मुल्जिमानों की गिरफ्तारियां की गई है। एसपी सिंह ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य अपराधियों की सामाजिक प्रतिष्ठा (महिमा मंडन) को पूरी तरह ध्वस्त करना है। सोशियल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट डालने और अफवाह फैलाने वालों पर अब पैनी नजर रखी जा रही है। पकड़े गए बदमाशों से गहन पूछताछ की जा रही है, जिससे उनकी आगामी आपराधिक योजनाओं का खुलासा होने और जिले में गैंगवार व अन्य बड़ी वारदातों को रोकने में बड़ी मदद मिलेगी। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों के मोबाइल कॉल डिटेल और आपराधिक रिकॉर्ड को खंगालने में जुट गई है।
*अभियान का उद्देश्य*
अभियान के तहत जिले में शांति व्यवस्था कायम रखने, अपराधियों में डर व आमजन में विश्वास कायम रखने, अपराधों पर लगाम लगाना। अपराधियों की सामाजिक प्रतिष्ठा के (महिमा मंडन) को क्षति करना, सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने व अफवाह फैलाने वालों की निगरानी, अपराधी के निवास स्थान के आसपास क्षेत्रवासियों में सुरक्षा की भावना पैदा करना, अपराधिक गैंग पर अंकुश लगाना, आर्म्स (हथियार), अवैध शराब तथा नशे पर अंकुश लगाना। अभियान के दौरान गिरफ्तार किये गये अपराधियों से गहन पूछताछ कर उनकी आपराधिक योजनाओं के बारे में पता लगाकर जिले में होने वाली गैंगवार की घटनाओं/अपराधों को रोकना। वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी करना हैं।