बीकानेर (मुकेश रामावत): बज्जू उपखंड की ग्राम पंचायत कोलासर पश्चिम में प्रशासन की लापरवाही के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। सोमवार को यहां आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से बहिष्कार कर पंचायत परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में पिछले लंबे समय से पेयजल की भारी किल्लत है। बार-बार शिकायत करने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं हुआ। टैंकरों और बोरवेल पर निर्भरता बढ़ने से लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी जूझना पड़ रहा है। इसके साथ ही क्षेत्र में बिजली के तार चोरी की घटनाएं भी लगातार बढ़ रही हैं। इससे न सिर्फ अंधेरा छा रहा है, बल्कि खेतों और घरों की बिजली व्यवस्था भी चरमरा गई है।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने मांग की कि पेयजल आपूर्ति को तुरंत सुचारू किया जाए और तार चोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान नहीं निकला तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इस मौके पर सरपंच फूसाराम नायक सहित लाल सिंह, भियाराम, उगम सिंह, मगाराम, हुकमाराम मेघवाल, शिव सिंह और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।