श्रीडूंगरगढ़/बीकानेर (मुकेश रामावत): शहर में रोडवेज बस स्टैंड के निर्माण को लेकर मामला फिर गरमा गया है। वन विभाग द्वारा घूमचक्कर के पास जमीन आवंटन और बस स्टैंड बनाने की प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद अब इसे दूसरी जगह शिफ्ट करने की चर्चाओं से व्यापार मंडल नाराज है। व्यापार मंडल श्रीडूंगरगढ़ के पदाधिकारियों का कहना है कि बढ़ते शहर की जरूरत को देखते हुए बस स्टैंड का निर्माण एक ही जगह पर जल्द शुरू किया जाए। व्यापारियों ने मांग की कि बस स्टैंड घूमचक्कर सर्किल के आसपास ही बनाया जाए, क्योंकि यह स्थान शहर के बीच में है और यात्रियों के लिए सुविधाजनक रहेगा। इस मुद्दे को लेकर व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने गुरुवार को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन उपखंड अधिकारी शुभम शर्मा और विधायक सेवा केंद्र के सहायक को दिया गया।
व्यापारियों का कहना है कि बस स्टैंड के लिए जरूरी औपचारिकताएं पहले ही पूरी हो चुकी हैं। अब अलग-अलग जगहों पर इसे ले जाने की बात से काम फिर लटक सकता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि प्रस्तावित जगह पर ही निर्माण कार्य शुरू किया जाए। ज्ञापन देने वालों में व्यापार मंडल अध्यक्ष श्याम सुंदर पारीक, महामंत्री संजय करनाणी, कन्हैया लाल सोनानी, चांदरतन सोनानी, मघराज सोनानी, सम्पत पुरोहित, सुरेश सोनानी, बिहारी राठी, पवन मूंदड़ा, मोहनलाल मूंदड़ा सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।