बीकानेर: भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय के गठन के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे "सहकार सप्ताह" के अंतर्गत बुधवार को उत्तरी राजस्थान सहकारी दुग्ध उत्पादक संघ लिमिटेड (उरमूल डेयरी), बीकानेर में "दुग्ध उत्पादक सम्मान दिवस" का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिले के प्रगतिशील दुग्ध उत्पादकों को गाय के मोमेंटो व प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया, वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाली दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों के अध्यक्षों एवं सचिवों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में उरमूल डेयरी के प्रबंध निदेशक बाबूलाल बिश्नोई ने दुग्ध उत्पादकों को डेयरी आंदोलन की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए कहा कि किसानों की मेहनत और सहकारिता की भावना ने उरमूल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि सरकार और डेयरी प्रबंधन का उद्देश्य दुग्ध उत्पादकों की आय में निरंतर वृद्धि करना तथा उन्हें आधुनिक तकनीकों और बेहतर सुविधाओं से जोड़ना है। उप रजिस्ट्रार शिशुपाल सिंह उरमूल डेयरी की असली ताकत हमारे दुग्ध उत्पादक किसान हैं। उनका सम्मान करना हमारे लिए गौरव का विषय है। सहकारिता के माध्यम से किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उरमूल डेयरी दुग्ध उत्पादकों के हितों की रक्षा, उनकी आय बढ़ाने और बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सदैव तत्पर रहता है। उप रजिस्ट्रार शिशुपाल सिंह एवं पीडीयूआई के प्रभारी डॉ.अनिल कुमार दाधीच ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली समितियों के पदाधिकारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। कार्यक्रम में उरमूल डेयरी के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादक उपस्थित रहे।