कोटपूतली (इशाक खान): अलवर-सीकर स्टेट हाईवे स्थित चोटिया के पास सोमवार शाम को एक दर्दनाक सड़क हादसा होने का मामला सामने आया है। जहाँ दो डंपरों के बीच आमने-सामने की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक डंपर का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में डंपर चालक गाड़ी के मलबे में ही फंस गया। दुर्घटना के बाद हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही सरूण्ड थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। चालक के केबिन में बुरी तरह फंसे होने के कारण पुलिस को क्रेन बुलानी पड़ी। काफी समय तक चली कड़ी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका। गंभीर रूप से घायल चालक को ईलाज के लिए तत्काल एम्बुलेंस की मदद से राजकीय बीडीएम जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहाँ उसका उपचार किया जा रहा है। दुर्घटनाग्रस्त डंपरों को क्रेन द्वारा सड़क से एक तरफ हटाकर पुलिस ने यातायात व्यवस्था को फिर से बहाल करवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
दो डंपरों की आमने-सामने भिड़ंत, केबिन में फंसे चालक को क्रेन से निकाला बाहर, हालत गंभीर
By -
July 06, 2026
0
Tags: