बीकानेर (मुकेश रामावत): ग्रामीणों को समय पर राहत देने के मकसद से चल रहे ग्राम सेवा शिविरों की जमीनी हकीकत परखने के लिए जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलजा पांडे मंगलवार को बदरासर और जालवाली ग्राम पंचायतों में पहुंची। उन्होंने फॉलोअप कैंपों का निरीक्षण कर विभिन्न विभागों के कामकाज की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान सीईओ ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि शिविरों में सभी विभाग समय पर उपस्थित रहें और लोगों की समस्याओं का तुरंत निस्तारण करें। उन्होंने कहा कि ग्राम सेवा शिविरों का मकसद ही यही है कि ग्रामीणों को उनके गांव में ही हर समस्या का समाधान मिल जाए। शिविरों में आए लंबित प्रकरणों को तय समय में निपटाया जाए ताकि आमजन को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़े। विद्युत विभाग को नए कनेक्शन, मीटर बदलने और अन्य बिजली संबंधी लंबित कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। बदरासर के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में अतिरिक्त हॉल और कक्ष बनाने की मांग पर सीईओ ने सकारात्मक रुख दिखाया और संबंधित अधिकारियों को प्रस्ताव तैयार करने को कहा। उन्होंने स्कूल में विद्यार्थियों से बातचीत भी की। शिक्षा, अनुशासन और मेहनत के महत्व पर जोर देते हुए बच्चों को लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। सीईओ ने स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने गांवों में सफाई, कचरा प्रबंधन और जनभागीदारी बढ़ाकर अभियान को और प्रभावी बनाने पर बल दिया। इस दौरान विकास अधिकारी दिनेश मिश्रा सहित अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
सीईओ शैलजा पांडे का ग्राम सेवा शिविरों का औचक निरीक्षण: लंबित काम जल्द निपटाने के दिए निर्देश
By -
July 21, 2026
0
Tags: