ACBEO तेजाराम देवासी का सर्वोदय स्कूल दौरा, शैक्षिक गुणवत्ता और अनुशासन पर दिया विशेष जोर

AYUSH ANTIMA
By -
0



रानीवाड़ा/जालौर (महेन्द्र देवासी): स्थानीय सर्वोदय इंग्लिश मीडियम स्कूल, रानीवाड़ा में शनिवार को सम्मान एवं प्रेरणा से ओत-प्रोत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय के संरक्षक एवं प्रधानाचार्य रहे तेजाराम देवासी के हाल ही में सहायक मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (ACBEO), चितलवाना के पद पर नियुक्त होने के बाद प्रथम बार विद्यालय आगमन पर विद्यालय परिवार ने उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से साफा पहनाकर, पुष्पमाला अर्पित कर एवं मिष्ठान खिलाकर तेजाराम देवासी का सम्मान किया गया। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उनका स्वागत करते हुए नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, दईपुर के प्रधानाचार्य एवं विद्यालय के मार्गदर्शक मुकेश चौधरी ने विद्यार्थियों को शिक्षा का महत्व बताते हुए जीवन में अनुशासन, परिश्रम और सकारात्मक सोच अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है। मुख्य अतिथि ACBEO तेजाराम देवासी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। उन्होंने विद्यार्थियों से समय प्रबंधन, नियमित अध्ययन और निरंतर अभ्यास को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अनुशासन, समर्पण और कड़ी मेहनत से ही जीवन के बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।
समारोह के बाद विद्यालय में स्टाफ बैठक आयोजित की गई, जिसमें शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार, नवाचार आधारित शिक्षण, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा बेहतर परीक्षा परिणामों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में शिक्षकों ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में संस्था प्रधान लक्ष्मण चौधरी ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि तेजाराम देवासी का मार्गदर्शन विद्यालय के लिए सदैव प्रेरणादायी रहा है और उनके सुझाव शिक्षा के क्षेत्र में नई दिशा प्रदान करेंगे। समारोह में विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!