झुंझुनू (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): देश के महान सपूत और परमवीर चक्र विजेता हवलदार मेजर पीरू सिंह जी के 78वें शहादत दिवस के उपलक्ष्य में झुंझुनू के शहीद स्मारक पर 'शौर्य दिवस समारोह' का भव्य, ऐतिहासिक और गरिमामयी आयोजन अत्यंत ओजस्वी राष्ट्रभक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ। इस राष्ट्रीय गौरव के पर्व पर पूरा क्षेत्र देशभक्ति, राष्ट्रीय प्रेम और अभूतपूर्व उत्साह के रंग में डूबा नजर आया। कार्यक्रम स्थल पर भव्य पंडाल तैयार किया गया था, जिसमें 2,000 से अधिक लोगों के बैठने की शानदार व्यवस्था की गई थी। इस आयोजन को लेकर स्थानीय युवाओं, ग्रामीणों और आमजन में भारी उत्साह देखा गया और भारी संख्या में जनसमुदाय ने शहीद स्मारक पहुंचकर वीर सपूत को अपनी भावांजलि अर्पित की। शनिवार, 18 जुलाई को सुबह 10 बजे मुख्य शौर्य दिवस समारोह की शुरुआत हुई। इससे पूर्व 9.30 बजे शहीद पीरुसिंह स्मारक पर अतिथियों, लायंस क्लब के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं अन्य गणमान्य जनों द्वारा पुष्पांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम संयोजक डॉ.उम्मेद सिंह शेखावत द्वारा शहीद पीरूसिंह जी की जीवनी के बारे में विस्तार से बताया गया। कार्यक्रम के शुभारम्भ की घोषणा एवं स्वागत उद्बोधन लायंस क्लब झुंझुनू के अध्यक्ष एमजेएफ लायन डॉ.डीएन तुलस्यान ने दिया। जोन चेयरपर्सन डॉ.बबीता कुमावत द्वारा गरिमा के साथ ध्वज वंदना की गई। इसके पश्चात विश्व शांति के लिए मौन रखा गया और राष्ट्रगान के साथ विधिवत रूप से शौर्य दिवस कार्यक्रम की शुरुआत हुई। पूरा आयोजन अत्यंत गरिमा और कड़े अनुशासन के बीच संपन्न हुआ।
*प्रबुद्ध अतिथियों के ओजस्वी उद्बोधन*
*डॉ.अरुण गर्ग (जिला कलक्टर, झुंझुनू): उन्होंने अपने उद्बोधन में देशभक्ति के जज्बे को नमन किया। उन्होंने शानदार आयोजन के लिए आयोजक लायंस क्लब झुंझुनू का आभार प्रकट करते हुए कहा कि, "सेना में जो साहस झुंझुनू जिले ने हमेशा ही दिखाया है, वह आज तक कायम है और आशा है कि आगे भी यह जज्बा हमेशा कायम रहेगा।"
*डॉ.राजेंद्र सिंह शेखावत (सेवानिवृत्त आईएएस)*
उन्होंने शौर्य दिवस की रूपरेखा बताते हुए कहा कि हर वर्ष इस प्रकार के आयोजन होते रहेंगे। उन्होंने गर्व से कहा कि वे अब लायंस क्लब झुंझुनू के सदस्य बन गए हैं और हमेशा क्लब के माध्यम से न केवल इस प्रकार के कार्यक्रमों में, बल्कि अन्य सामाजिक सरोकारों में भी महत्ती भूमिका निभाएंगे। आज सम्मानित तीनों शहीदों को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि झुंझुनू जिला धन्य है, जिसकी धरती ने ऐसे वीर सपूतों को जन्म दिया है।
*यशवर्धन सिंह शेखावत (संचालन समिति मुख्य कार्यकर्ता)*
उन्होंने अपने उद्बोधन में विशेष रूप से बच्चों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को वीर शहीदों को अपना आदर्श बनाना चाहिए। साथ ही, उन्होंने आज के दौर में मोबाइल के माध्यम से होने वाले फ्रॉड की भी विभिन्न उदाहरणों के साथ विस्तृत जानकारी दी और बच्चों को इससे सजग व बचकर रहने की सलाह दी।
*वीर योद्धाओं के परिजनों और 51 वीरांगनाओं का भावभीना सम्मान*
यह समारोह देश के रक्षकों के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का एक ऐतिहासिक मंच बना। लायंस क्लब झुंझुनू के पदाधिकारी एवं सदस्यों द्वारा तीनों महान शहीदों के सम्मान पत्र का वाचन किया गया। इसके बाद अतिथियों द्वारा उन्हें शाॅल व दुपट्टा ओढ़ाकर, माल्यार्पण के साथ प्रतीक चिह्न एवं सम्मान पत्र भेंटकर गौरवान्वित किया गया।
परमवीर चक्र विजेता हवलदार मेजर पीरू सिंह के पौत्र डॉ.भूपेन्द्र सिंह को सम्मानित किया गया। वीर चक्र विजेता कैप्टन अयूब खान के परिजन में शबनम खान का सम्मान हुआ। कीर्ति चक्र विजेता मानद कैप्टन महेंद्र सिंह दतुसलिया को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इसी क्रम में, देश के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले अमर शहीदों की 51 वीर वीरांगनाओं का भी मंच से माल्यार्पण कर और शाॅल ओढ़ाकर बेहद भावभीना सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में पधारे अतिथियों एवं कार्यक्रम के सहयोगियों का भी शाॅल एवं दुपट्टा औढाकर प्रतीक चिह्न भेंटकर सम्मान किया गया।
*उपस्थित गणमान्य जन*
डॉ.अरुण गर्ग (जिला कलक्टर, झुंझुनू), कावेन्द्र सिंह सागर (जिला पुलिस अधीक्षक), जिला सैनिक कल्याण अधिकारी अनिल पुनिया, रामकरण सिंह (उपखण्ड अधिकारी), देवेंद्र सिंह राजावत (एडिशनल एसपी), गोपाल सिंह ढाका (सीओ सिटी) एवं शहर कोतवाल श्रवण कुमार, रोहिताश्व बंसल (अध्यक्ष, लघु उद्योग भारती शाखा झुंझुनू) और प्रदीप पाटोदिया (सुनील पाटोदिया वेलफेयर फाउंडेशन), चूना चौक विकास समिति अध्यक्ष शिवचरण पुरोहित। यह शौर्य दिवस समारोह झुंझुनू के इतिहास में देशभक्ति की एक अनूठी मिसाल के रूप में याद किया जाएगा।