जयपुर से सिंघानिया विश्वविद्यालय तक जागरूकता रैली का भव्य स्वागत

AYUSH ANTIMA
By -
0


झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): विश्व पैरा थ्रोबॉल फेडरेशन एवं सिंघानिया विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में 3rd एशियन पैरा थ्रो बॉल चैंपियनशिप–2027 के प्रचार-प्रसार एवं जनजागरूकता के उद्देश्य से जयपुर से सिंघानिया विश्वविद्यालय, पचेरी बड़ी तक निकाली गई जागरूकता रैली को राजस्थान सरकार के जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत, विश्व पैरा थ्रोबॉल फेडरेशन की अध्यक्ष सुश्री निर्मला रावत तथा सिंघानिया विश्वविद्यालय के अध्यक्ष डॉ.मनोज कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर मंत्री सुरेश सिंह रावत ने विश्व पैरा थ्रोबॉल फेडरेशन एवं सिंघानिया विश्वविद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि दिव्यांग खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए अंतरराष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराना अत्यंत सराहनीय कार्य है। लगभग 40 दिव्यांग पैरा थ्रोबॉल खिलाड़ियों ने बाइक एवं स्कूटी के माध्यम से आयोजित जागरूकता रैली में भाग लिया। मलेशिया से प्राप्त चैंपियनशिप ध्वज के साथ यह रैली जयपुर से पचेरी बड़ी स्थित सिंघानिया विश्वविद्यालय पहुँची, जहाँ मार्च 2027 में 3rd एशियन पैरा थ्रो बॉल चैंपियनशिप –2027 का आयोजन किया जाएगा। विश्वविद्यालय परिसर पहुँचने पर रैली का पुष्पवर्षा, बैंड-बाजों एवं भव्य स्वागत के साथ अभिनंदन किया गया। इसके पश्चात आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि सिंघानिया विश्वविद्यालय के चेयरमैन रवि सिंघानिया तथा विशिष्ट अतिथि विश्व पैरा थ्रोबॉल फेडरेशन की अध्यक्ष सुश्री निर्मला रावत एवं एशियन गेम्स 2026 के मैनेजमेंट कंसल्टेंट एवं सेरेमनीज़ मैनेजर अभिलाष रंथाकरन की गरिमामयी उपस्थिति में 3rd एशियन पैरा थ्रो बॉल चैंपियनशिप –2027 के आधिकारिक लोगो का विमोचन एवं नियम पुस्तिका (रूल बुक) का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना एवं कुलगीत से हुआ। सिंघानिया विश्वविद्यालय के अध्यक्ष डॉ.मनोज कुमार ने सभी अतिथियों एवं खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि पैरा एथलीट किसी से कम नहीं हैं। वे अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सामान्य खिलाड़ियों से भी अधिक मेहनत और समर्पण के साथ आगे बढ़ते हैं। उन्होंने मलेशिया से प्राप्त चैंपियनशिप ध्वज का उल्लेख करते हुए कहा कि सिंघानिया विश्वविद्यालय के लिए यह गर्व का विषय है कि उसे इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिला है। विशिष्ट अतिथि विश्व पैरा थ्रोबॉल फेडरेशन की अध्यक्ष सुश्री निर्मला रावत ने अपने संबोधन में कहा कि वे उन सभी व्यक्तियों एवं संस्थाओं की हृदय से आभारी हैं, जो इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन को सफल बनाने के लिए हर संभव सहयोग प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने खिलाड़ियों के उत्साह, समर्पण एवं संघर्षशील भावना की भी सराहना की। विशिष्ट अतिथि एवं एशियन गेम्स 2026 के मैनेजमेंट कंसल्टेंट एवं सेरेमनीज़ मैनेजर अभिलाष रंथाकरन ने अपने संबोधन में सिंघानिया विश्वविद्यालय के चेयरमैन रवि सिंघानिया एवं अध्यक्ष डॉ.मनोज कुमार की सराहना करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के सफल आयोजन हेतु विश्वस्तरीय सुविधाएँ एवं हरसंभव सहयोग उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि 3rd एशियन पैरा थ्रो बॉल चैंपियनशिप –2027 का आयोजन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान स्थापित करेगा। मुख्य अतिथि सिंघानिया विश्वविद्यालय के चेयरमैन रवि सिंघानिया ने अपने संबोधन में कहा कि खेल और नेतृत्व एक-दूसरे के पूरक हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें अत्यंत प्रसन्नता है कि सिंघानिया विश्वविद्यालय 3rd एशियन पैरा थ्रो बॉल चैंपियनशिप –2027 के माध्यम से पैरा एथलीटों की प्रेरणादायी यात्रा का हिस्सा बन रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी के सामूहिक प्रयासों से यह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता ऐतिहासिक एवं सफल आयोजन सिद्ध होगी। इस अवसर पर सिंघानिया विश्वविद्यालय के कैंपस निदेशक प्रो. (डॉ.) पीएस जस्सल, मुख्य वित्त अधिकारी सुनील कुमार सोबती, रजिस्ट्रार सुमित सिंह, प्रो-वाइस चांसलर डॉ.पवन कुमार त्रिपाठी, अकादमिक निदेशक डॉ.एसके दुबे तथा जनसंपर्क अधिकारी डॉ.मोनिका सैनी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में विश्व पैरा थ्रोबॉल फेडरेशन के अध्यक्ष डॉ.अल्बर्ट वी. प्रेम कुमार, ओम प्रकाश शर्मा, बृजराज शेखावाटी, सरपंच महेश कुमार, सरपंच सुनील कुमार सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त विश्व पैरा थ्रोबॉल फेडरेशन के पदाधिकारी, पैरा थ्रोबॉल खिलाड़ी, विश्वविद्यालय के अधिकारी, संकाय सदस्य, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ भी समारोह में उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि लोगो विमोचन समारोह से एक दिन पूर्व 3rd एशियन पैरा थ्रो बॉल चैंपियनशिप –2027 के लिए चयन ट्रायल, रेफरी प्रशिक्षण पाठ्यक्रम तथा आयोजन समिति की बैठक का भी सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। समारोह के दौरान जागरूकता रैली को सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले प्रतिभागियों तथा रेफरी प्रशिक्षण पाठ्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा करने वाले रेफरी अधिकारियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही विभिन्न अतिथियों का भी सम्मान किया गया। अंत में राष्ट्रगान के उपरांत सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, आयोजकों एवं विश्वविद्यालय परिवार ने सामूहिक समूह छायाचित्र ग्रुप फोटो खिंचवाया। यह आयोजन सिंघानिया विश्वविद्यालय एवं विश्व पैरा थ्रोबॉल फेडरेशन की दिव्यांग खिलाड़ियों के सशक्तिकरण तथा भारत में आयोजित होने वाली 3rd एशियन पैरा थ्रो बॉल चैंपियनशिप –2027 के सफल आयोजन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!