निवाई (लालचंद माली): आगामी मानसून से पहले शहर को जलभराव की समस्या से बचाने के लिए नगर पालिका प्रशासन एक्शन मोड में नजर आ रहा है। अधिशाषी अधिकारी मनोहर लाल जाट के निर्देशानुसार शहरभर में नालों की सफाई का अभियान युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है। मुख्य मार्गों से लेकर विभिन्न वार्डों तक वर्षों से जमा गाद, कचरा और प्लास्टिक अपशिष्ट को हटाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है, ताकि बारिश के दौरान जल निकासी व्यवस्था सुचारू बनी रहे। पालिका के सफाई निरीक्षक गजेंद्र सिंह ने बताया कि मानसून के दौरान जलभराव की स्थिति से बचने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित कर प्राथमिकता के आधार पर सफाई कार्य कराया जा रहा है। इसके लिए अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों की टीमें लगाई गई हैं, वहीं बड़े नालों की सफाई में मशीनरी और जेसीबी की सहायता भी ली जा रही है। मानसून तैयारियों के तहत इंदिरा विस्तार कॉलोनी नाला, झिलाय रोड नाला, कोसी गंगा नाला, निर्वाण नगर नाला, जमात नाला, वेयर हाउस नाला, टोंक-जयपुर रोड नाला, औद्योगिक क्षेत्र नाला, 80 फीट रोड नाला, खणदेवत मोड़ नाला, शिवाजी पार्क रोड नाला, जिरात रोड नाला और रेलवे स्टेशन नाला सहित शहर के बड़े और छोटे नालों की सफाई की जा रही है। नालों में जमा गाद, कचरा और जलकुंभी जैसी बाधाओं को हटाकर पानी के निर्बाध प्रवाह को सुनिश्चित किया जा रहा है। नालों से निकाले गए मलबे को ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के माध्यम से निर्धारित स्थानों तक पहुंचाया जा रहा है। नगर पालिका प्रशासन के अनुसार शहर में अब तक करीब 75 प्रतिशत नालों की सफाई का कार्य पूरा किया जा चुका है। पालिका प्रशासन का कहना है कि नियमित सफाई से न केवल जल निकासी व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि गंदगी से फैलने वाली बीमारियों पर भी प्रभावी रोक लगेगी। वहीं शहरवासियों ने मानसून से पहले शुरू किए गए इस अभियान का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि समय रहते की गई यह पहल बारिश के दिनों में जलभराव और आवागमन की परेशानियों से राहत दिलाने में कारगर साबित होगी। नगर पालिका प्रशासन ने आमजन से नालों एवं सार्वजनिक स्थलों पर कचरा नहीं डालने तथा स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है
मानसून से पहले एक्शन मोड में पालिका: शहर के नालों पर चला सफाई अभियान, 75% काम पूरा
By -
July 04, 2026
0
Tags: