बीकानेर (मुकेश रामावत): कोटगेट मंडल कांग्रेस के पदाधिकारियों ने मंगलवार को नगर निगम आयुक्त से मुलाकात कर वार्ड नंबर 71, 72 और 73 की मूलभूत समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। पदाधिकारियों ने आयुक्त को बताया कि इन तीनों वार्डों में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। कचरा संग्रहण वाली गाड़ी नियमित नहीं पहुंचती, सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे हैं, सीवरेज जाम रहने से गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है और कई जगहों पर स्ट्रीट लाइटें भी बंद पड़ी हैं। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि इन समस्याओं से आमजन को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है। इस संबंध में कई बार प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला। ज्ञापन देने वालों में कोटगेट मंडल अध्यक्ष मोहम्मद इस्माइल खिलजी, जस्सूसर गेट मंडल अध्यक्ष कमल साध, पुराना मंडल अध्यक्ष लक्ष्मण व्यास और बंगला नगर मंडल अध्यक्ष मुकेश जोशी सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।
कांग्रेस नेताओं ने मांग की है कि वार्डों में सफाई, रोशनी और सड़क मरम्मत का काम तुरंत शुरू किया जाए, ताकि नागरिकों को राहत मिल सके।