रानीवाड़ा/जालौर (महेंद्र देवासी): राज्य सरकार के निर्देशानुसार जालोर जिले की ग्राम पंचायतों में ग्रामीण सेवा शिविरों का आयोजन किया कर ग्रामीणों को राहत प्रदान की जा रही है। इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जा रहा है। शिविरों में राजस्व, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, चिकित्सा, शिक्षा, पंचायतीराज, कृषि, जलदाय, विद्युत, महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों द्वारा आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है। साथ ही पात्र व्यक्तियों को पेंशन स्वीकृति, आयुष्मान कार्ड, जमाबंदी नकल, नामांतरण, सीमाज्ञान, जन्म-मृत्यु पंजीयन सहित अन्य आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। गुरूवार को सांफाड़ा, आईपुरा, बाली, तिलोड़ा, नोहरा, गजापुरा, सेवाड़ा, डावल तथा बिछावाड़ी ग्राम पंचायत में ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित कर आमजन को लाभान्वित किया गया।
*शुक्रवार को इन ग्राम पंचायतों में होगा शिविर का आयोजन*
निर्धारित कार्यक्रमानुसार 3 जुलाई, शुक्रवार को जालोर उपखंड की नरसाणा, आहोर की वलदरा, बागोड़ा की कूका, सायला की भाण्डवपुर, भीनमाल की बोरटा, जसवंतपुरा की धानसा, रानीवाड़ा की रोपसी, चितलवाना की हाड़ेचा तथा सांचौर उपखंड की सुरावा ग्राम पंचायत में ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे।