बीकानेर (मुकेश रामावत): रानी बाजार इंडस्ट्रियल एरिया में शनिवार को एक वूलन फैक्ट्री में अचानक आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की 5 गाड़ियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। जानकारी के अनुसार इंडस्ट्रियल एरिया की गली नंबर 10 में स्थित शुभ ऊन उद्योग फैक्ट्री में रखे ऊन के बोरों में आग लगी। देखते ही देखते आग ने बोरों को अपनी चपेट में ले लिया और पूरे क्षेत्र में धुआं फैल गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया गया। फैक्ट्री को रोहित अग्रवाल ने लीज़ पर ले रखा है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। घटना की जानकारी मिलते ही कोटगेट थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।