श्रीडूंगरगढ/बीकानेर (मुकेश रामावत): जिले के श्रीडूंगरगढ़ इलाके में एक बार फिर गैंगस्टरों की धमकियों से दहशत फैल गई है। रोहित गोदारा गैंग ने श्रीडूंगरगढ़ के दुलचासर गांव के एक स्थानीय व्यापारी को निशाना बनाते हुए 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी है। रकम नहीं देने पर जान से मारने और कारोबार उड़ाने की धमकियां भी दी गई हैं। पीड़ित व्यापारी के अनुसार गैंगस्टर रोहित गोदारा के करीबी बताए जा रहे विरेन्द्र चारण ने उसे 5 जुलाई और 7 जुलाई को फोन कर धमकाया। धमकी देने वाले ने कहा कि अगर 5 करोड़ रुपये नहीं दिए तो उसके हवाला ऑफिस में सिलेंडर फेंक दिया जाएगा। साथ ही व्यापारी और उसके परिवार के लोगों को जान से मारने की बात भी कही गई।
इस मामले को लेकर व्यापारी के भाई ने पहले श्रीडूंगरगढ़ थाने में रिपोर्ट दी। इसके बाद बुधवार को बीकानेर एसपी से मिलकर भी पूरे मामले से अवगत कराया, शिकायत में परिवार की सुरक्षा की मांग की गई है। भाई ने बताया कि बुधवार को भी गैंग की तरफ से बार-बार फोन आते रहे। रिपोर्ट में पुलिस से व्यापारी और उसके परिजनों को सुरक्षा मुहैया कराने की गुहार लगाई गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कॉल डिटेल और मोबाइल नंबरों के आधार पर धमकी देने वालों की पहचान की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने पीड़ित परिवार को एहतियात बरतने के निर्देश दिए हैं और इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है।