बीकानेर (मुकेश रामावत): साइबर पुलिस ने क्रिप्टो और फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर ठगी करने वाले एक अंतरराष्ट्रीय गिरोह का खुलासा किया है। इस गिरोह के तार दुबई से जुड़े हैं और इन्होंने बीकानेर के कालासर गांव निवासी गोपीराम जाट से 16 लाख रुपये की ठगी की। गिरोह के एजेंटों ने गोपीराम को गेमना पीर स्थित ऑफिस में बुलाकर http://XPO.ru नाम की वेबसाइट के बारे में बताया। कहा कि यह रूस की साइट है, जो फॉरेक्स और क्रिप्टो में ट्रेड करती है। निवेश पर साप्ताहिक 4-5% और मासिक 10-15% गारंटेड प्रॉफिट का लालच दिया। फर्जी प्रॉफिट स्टेटमेंट दिखाकर विश्वास दिलाया और करीब 16 लाख रुपये निवेश करवा लिए। बाद में मूलधन और मुनाफा मांगने पर आरोपियों ने इनकार कर दिया।
पुलिस ने बीकानेर, जयपुर और झुंझुनूं के 9 स्थानीय एजेंटों सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एफआईआर में जयपुर के रजत शर्मा, झुंझुनूं के ईश्वर वर्मा, सुरेन्द्र सैनी, विजय मौर्य, सुरेन्द्र बब्बर, बीकानेर के अनिल शर्मा, रेणु कच्छावा, रविनाथ कुमावत और राजेश जैन के नाम शामिल हैं। जांच में सामने आया कि ये एजेंट सिर्फ मोहरे थे। ये सेमिनार और सोशल मीडिया के जरिए लोगों से करोड़ों रुपये इकट्ठा करते थे, जिसे बाद में क्रिप्टो में बदलकर दुबई और अन्य देशों में बैठे सरगनाओं तक भेज दिया जाता था। मामले की जांच एएसआई खेताराम*कर रहे हैं।