एनएच-52 पर खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई: 1200 एनर्जी ड्रिंक बोतलें सीज, घी के नमूने भी जांच को भेजे

AYUSH ANTIMA
By -
0


निवाई (लालचंद माली): मिलावटखोरों पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान “शुद्ध आहार–मिलावट पर वार” के तहत स्वास्थ्य विभाग ने निवाई उपखंड क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए संदिग्ध खाद्य एवं पेय पदार्थों पर सख्त कदम उठाए। कार्रवाई के दौरान एनएच-52 स्थित एक फर्म से एनर्जी ड्रिंक की करीब 1200 बोतलों को संदेह के आधार पर सीज कर दिया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.शैलेन्द्र सिंह चौधरी ने बताया कि आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण टी. शुभंगला के निर्देशानुसार आमजन को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलेभर में विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी सत्यनारायण गुर्जर ने निवाई उपखंड क्षेत्र में एनएच-52 हाईवे स्थित झिलाय पुलिया के पास संचालित पवन एंटरप्राइजेज का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कैफीनेटेड बेवरेज स्टिंग एनर्जी ड्रिंक का नमूना लिया गया तथा मिलावट की आशंका के चलते शेष बची लगभग 1200 बोतलों को नियमानुसार सीज कर दिया गया। इसके अलावा तन्वी किराना स्टोर से कृष्णा ब्रांड घी का नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। विभाग का कहना है कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा अधिकारी सत्यनारायण गुर्जर ने बताया कि जिले में मिलावटी घी, दूध एवं दूध उत्पादों (मावा, पनीर), मसालों, पेय पदार्थों और खुले खाद्य सामग्री की बिक्री पर रोक लगाने के लिए विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने व्यापारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि दुकान पर फूड लाइसेंस व रजिस्ट्रेशन अनिवार्य रूप से प्रदर्शित रखें, साफ-सफाई बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की दूषित सामग्री का विक्रय नहीं करें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान अविनाश साहू, राजेंद्र सैनी एवं रामेश्वर सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!