निवाई (लालचंद माली): सदर थाना पुलिस ने वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 5000 रुपये के इनामी टॉप-10 बदमाश अक्षय उर्फ गोलू मीणा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर पहले ही 5000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था। सदर थाना प्रभारी राजेन्द्र प्रसाद ने बताया कि पुलिस अधीक्षक रोशन मीना के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतन लाल भार्गव एवं डीवाईएसपी रवि प्रकाश शर्मा के निकटतम पर्यवेक्षण में गठित विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए अक्षय उर्फ गोलू मीणा पुत्र जोगेन्द्र मीणा निवासी बन्दा वाली ढाणी, थुणी धिराजपुरा, थाना झापदा, जिला दौसा को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी सदर थाना निवाई का टॉप-10 वांटेड था और लंबे समय से गिरफ्तारी से बचता फिर रहा था। उसके खिलाफ सदर थाना निवाई, झापदा (दौसा), लालसोट तथा सांगानेर सहित विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। थानाधिकारी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है तथा उसके आपराधिक नेटवर्क और अन्य मामलों में संलिप्तता की गहन जांच की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राजेन्द्र प्रसाद के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक सावरमल, महिला हेड कांस्टेबल लक्ष्मी तथा कांस्टेबल आशाराम, अनिल कुमार, कालूराम, विनोद कुमार, शंकर लाल और दिनेश कुमार की विशेष भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ चल रहे अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
5000 रुपये का इनामी टॉप-10 बदमाश पुलिस के शिकंजे में, कई थानों का वांछित आरोपी गिरफ्तार
By -
July 17, 2026
0
Tags: