बीकानेर (मुकेश रामावत): गुम हुआ मोबाइल अब आसानी से वापस मिल सकेगा। बीकानेर रेंज पुलिस ने तकनीक का सहारा लेकर आम लोगों को बड़ी राहत दी है। महज एक महीने के अंदर रेंज की पुलिस टीम ने 100 से ज्यादा गुमशुदा स्मार्टफोन तलाश कर उनके असली मालिकों को सौंप दिए।
बरामद किए गए इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख 30 हजार रुपये बताई जा रही है। इनमें कुछ फोन ऐसे भी थे, जो महज 3 दिन पहले गुम हुए थे, तो कुछ 4 साल पुराने मामले भी शामिल थे। पूरा ऑपरेशन बीकानेर रेंज आईजी ओम प्रकाश के मार्गदर्शन में चलाया गया। रेंज कार्यालय की सोशल मीडिया सेल ने दूरसंचार विभाग के सीईआईआर यानी सेंट्रल इक्विपमेंट आईडेंटिटी रजिस्टर पोर्टल का इस्तेमाल किया। इसी पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर पुलिस ने गुमशुदा फोनों को ट्रेस कर बरामद किया। पुलिस के अनुसार ये मोबाइल सिर्फ बीकानेर से ही नहीं, बल्कि रेंज के श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू जिलों से भी गुम हुए थे। 14 जुलाई 2026 को बीकानेर रेंज कार्यालय में एक विशेष कार्यक्रम रखा गया। इसमें आईजी ओम प्रकाश ने खुद अपने हाथों से बरामद मोबाइल उनके मालिकों को लौटाए। इस दौरान बीकानेर एसपी मृदुल कच्छावा, एएसपी अनुषा कालिया, एएसपी पवन कुमार, एएसपी सुखविन्द्र पाल सिंह और डीएसपी प्रहलाद राय समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
*फोन वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे*
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि भविष्य में भी गुमशुदा मोबाइल बरामद करने के लिए CEIR पोर्टल और तकनीक का इसी तरह उपयोग किया जाएगा।