बीकानेर (मुकेश रामावत): बीकानेर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र की छात्राओं को अब बेहतर पढ़ाई के लिए नए कमरे मिलेंगे। मंगलवार को महर्षि दयानंद मार्ग स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में 2 नए कक्षा कक्षों के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। यह निर्माण कार्य विधायक कोष से स्वीकृत 30 लाख रुपये की राशि से कराया जाएगा। शिलान्यास बीकानेर पश्चिम के विधायक जेठानंद व्यास ने किया। इस मौके पर विधायक ने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। नए कक्षा कक्ष बनने से स्कूल में पढ़ने वाली छात्राओं को आधुनिक और सुविधाजनक शिक्षण वातावरण मिलेगा।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती मंजुबाला, SDMC के सदस्य और समस्त स्टाफ मौजूद रहे। स्कूल परिवार ने विधायक का आभार जताते हुए कहा कि इस निर्माण से विद्यालय के आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी और छात्राओं को पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल मिलेगा।