श्री कोलायत/बीकानेर (मुकेश रामावत): जिला कलेक्टर निशांत जैन के औचक निरीक्षण ने एक स्कूल की दशा ही बदल दी। निरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में छात्राओं को बिना फर्नीचर फर्श पर बैठकर पढ़ते देख कलेक्टर ने तुरंत व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। कलेक्टर के आदेश के बाद प्रशासन ने फुर्ती दिखाई। पंचायत समिति ने प्राथमिकता के आधार पर काम करते हुए करीब 200 छात्राओं के लिए नए टेबल-बेंच की व्यवस्था कर दी। अब छात्राएं पहले की तरह जमीन पर नहीं, बल्कि व्यवस्थित रूप से बैठकर पढ़ाई कर रही हैं। इस त्वरित कार्रवाई को लेकर स्कूल स्टाफ और क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली। लोगों का कहना है कि इस कदम से न सिर्फ पढ़ाई का माहौल बेहतर हुआ है, बल्कि बालिका शिक्षा को भी बढ़ावा मिला है। कलेक्टर ने संतोष जताते हुए कहा कि वे जल्द ही स्कूल का दोबारा दौरा करेंगे और नई व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों को बुनियादी सुविधाएं देना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है और इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी, विकास अधिकारी, शिक्षा अधिकारी और स्कूल प्रबंधन के सदस्य भी मौजूद रहे।
कलेक्टर के दौरे ने बदली तस्वीर: 2 दिन में छात्राओं को मिली बैठने की सम्मानजनक सुविधा
By -
July 10, 2026
0
Tags: