कोटपूतली (ईशाक खान): राज्य सरकार के स्वायत्त शासन विभाग के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न नगरीय निकायों में 27 से 29 जुलाई तक शहरी सेवा शिविर-2026 के तहत फॉलोअप शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों में लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के साथ-साथ विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के नवीन आवेदन भी प्राप्त कर मौके पर ही कार्यवाही की जाएगी। 27 जुलाई को नगर परिषद कोटपूतली के वार्ड 13, 14 एवं 15, नगर परिषद बहरोड़ के वार्ड 13 एवं 14, नगरपालिका बानसूर एवं नगरपालिका नारायणपुर के वार्ड 7 एवं 8, तथा नगरपालिका पावटा-प्रागपुरा के वार्ड 11 एवं 12 के लिए शिविर आयोजित किए जाएंगे। 28 जुलाई को नगर परिषद कोटपूतली के वार्ड 16, 17 एवं 18, नगर परिषद बहरोड़ के वार्ड 15 एवं 16, नगरपालिका बानसूर एवं नगरपालिका नारायणपुर के वार्ड 9 एवं 10, तथा नगरपालिका पावटा-प्रागपुरा के वार्ड 13 एवं 14 के लिए शिविर लगाए जाएंगे। 29 जुलाई को नगर परिषद कोटपूतली के वार्ड 19, 20 एवं 21, नगर परिषद बहरोड़ के वार्ड 17 एवं 18, नगर पालिका बानसूर एवं नगर पालिका नारायणपुर के वार्ड 11 एवं 12, तथा नगर पालिका पावटा-प्रागपुरा के वार्ड 15 एवं 16 के लिए शिविर आयोजित होंगे। शिविरों में विभिन्न प्रकार के पट्टे जारी करना, नामांतरण, भवन निर्माण स्वीकृति, उपविभाजन, जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन, यूडी टैक्स जमा करना, स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत घरेलू शौचालय के आवेदन, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री स्वनिधि योजना, इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त कर उनका त्वरित निस्तारण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त वार्डों में साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट दुरुस्तीकरण तथा सार्वजनिक स्थलों के रखरखाव से संबंधित शिकायतों का भी मौके पर समाधान किया जाएगा। जिला प्रशासन ने संबंधित वार्डों के नागरिकों से निर्धारित तिथि एवं समय पर शिविर स्थल पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की है।
जिले के विभिन्न नगरीय निकायों में 27 से 29 जुलाई तक आयोजित होंगे शहरी सेवा शिविरो के फॉलोअप शिविर
By -
July 26, 2026
0
Tags: