तेज रफ्तार एसयूवी का कहर: 2 युवकों की मौत, स्कूटी सवार घायल

AYUSH ANTIMA
By -
0


बीकानेर (मुकेश रामावत): बीती रात शहर के उदासर फांटा स्थित सागर रोड पर तेज रफ्तार एसयूवी के बेकाबू होने से भीषण हादसा हो गया। हादसे में एसयूवी सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि स्कूटी सवार एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एसयूवी पहले स्कूटी सवार दो लोगों को टक्कर मारते हुए करीब 500 से 600 फीट तक अनियंत्रित लहराती हुई आगे बढ़ी। रास्ते में उसने एक गाय को चपेट में लिया और बिजली का पोल तोड़ दिया। इसके बाद कार दो दुकानों के सामने से गुजरते हुए एक होटल के बाहर खड़ी दूसरी कार से टकराकर रुकी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एसयूवी हवा में करीब 10 फीट उछलकर गिर गई और उसके परखच्चे उड़ गए। कार के एयरबैग खुलने के बावजूद आगे का शीशा तोड़कर बाहर जा गिरे दोनों युवकों को गंभीर चोटें आईं। इनमें से एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। स्कूटी भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घायल स्कूटी सवार को निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। सूचना पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहत-बचाव कार्य शुरू कर क्षतिग्रस्त बिजली पोल हटवाकर विद्युत आपूर्ति बहाल करवाई। खिदमतगार खादिम सोसायटी और असहाय सेवा संस्थान के पदाधिकारी भी राहत कार्य में सहयोग के लिए पहुंचे। पुलिस को वाहन से एक आधार कार्ड मिला है, जिसमें इंदिरा कॉलोनी स्थित मस्जिद के पास का पता अंकित है। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण तेज रफ्तार माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दोनों मृतकों के शव मोर्चरी में रखवाए गए हैं और परिजनों की तलाश की जा रही है। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि देर रात सड़क पर आवाजाही कम होने से बड़ी जनहानि टल गई। अन्यथा इस रफ्तार से और नुकसान हो सकता था।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!