अरड़ावता गांव में 15 दिनों से पानी को तरसे ग्रामीण, सड़क जाम कर मटके फोड़े: प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन

AYUSH ANTIMA
By -
0


चिड़ावा (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): क्षेत्र के अरड़ावता गांव में पिछले 15 दिनों से पेयजल संकट गहराने के बाद गुरुवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। बड़ी संख्या में ग्रामीण चिड़ावा-सुलताना-जयपुर मार्ग पर एकत्र हुए और सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए खाली मटके फोड़कर अपना रोष व्यक्त किया। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले 15 दिनों से गांव में पीने का पानी नहीं मिल रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शन सुबह करीब 8 बजे शुरू हुआ। महिलाओं ने कहा कि पानी की समस्या को लेकर कई बार सरपंच और प्रशासन को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं किया गया। प्रदर्शनकारी ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर उपेक्षा का आरोप लगाया। उनका कहना है कि पानी की कमी के कारण मजदूरी करने वाले परिवारों को आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है तथा स्थायी समाधान के बजाय केवल आश्वासन ही दिए जा रहे हैं। अरड़ावता निवासी पवन कुमार ने बताया कि ग्रामीण सुबह से धरने पर बैठे हैं, लेकिन देर तक प्रशासन का कोई अधिकारी उनकी समस्या सुनने मौके पर नहीं पहुंचा। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर पेयजल संकट का स्थायी समाधान कराने की मांग की। समझाइस के बाद ग्रामीण मान गए और जाम को खोल दिया ।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!