जलभराव की मार, टूटी सड़कों से थमी जिंदगी: 15 कॉलोनियों के लोग बेहाल, गंदे पानी में स्कूल जाने को मजबूर बच्चे

AYUSH ANTIMA
By -
0


निवाई (लालचंद माली): नगर पालिका वार्ड संख्या 37 स्थित झिलाय रोड पर आदित्य नगर व अर्थ सिटी सहित करीब 15 कॉलोनियों के बाशिंदे लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जूझ रहे हैं। हाल ही में नगर पालिका क्षेत्र में शामिल हुई ये कॉलोनियां पूर्व में ग्राम पंचायत क्षेत्र का हिस्सा थीं, जहां विकास कार्यों की कमी के कारण क्षेत्र की स्थिति बदहाल बनी हुई थी। अब नगर पालिका द्वारा इन क्षेत्रों के सुधार की प्रक्रिया शुरू की जा रही है, लेकिन फिलहाल लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कॉलोनियों की मुख्य सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि बरसात के दिनों में यह मार्ग लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों में गंदा पानी जमा होने से क्षेत्रवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय निवासी विक्रम सिंह गुर्जर, गिर्राज मीणा, हंसराज मीणा, रामअवतार चौधरी, जीतराम चौधरी एवं पप्पू मीणा ने बताया कि इसी मुख्य मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों छात्र-छात्राएं स्कूल व कॉलेज के लिए आवागमन करते हैं लेकिन वर्तमान हालात ऐसे हैं कि बच्चों को बदबूदार और गंदे पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है। जलभराव के कारण सड़क पर बने गहरे गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे हादसों का खतरा लगातार बना हुआ है। कई बच्चे गिरकर चोटिल हो चुके हैं तथा उनके कपड़े और स्कूल बैग तक खराब हो रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के मौसम में स्थिति और गंभीर हो जाती है। तेज बारिश के दौरान पानी के बहाव से सड़क क्षतिग्रस्त हो जाती है, जिससे दुपहिया और चौपहिया वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है। इतना ही नहीं, आपातकालीन स्थिति में एम्बुलेंस जैसी सेवाओं का कॉलोनियों तक पहुंचना भी मुश्किल हो जाता है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। शिकायतों के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है और जिम्मेदार अधिकारी इस ओर गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं।
परेशान कॉलोनीवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि मुख्य सड़क की तत्काल मरम्मत कर पक्की सड़क का निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों और स्कूली बच्चों को रोजाना होने वाली परेशानियों से राहत मिल सके।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!