आदर्श ग्राम कल्याणपुरा खुर्द के 06 विद्यार्थियों ने नीट परीक्षा में लहराया सफलता का परचम

AYUSH ANTIMA
By -
0


कोटपूतली (ईशाक खान): क्षेत्र के आदर्श ग्राम कल्याणपुरा खुर्द के लिए यह अत्यंत गर्व का विषय है कि इस वर्ष आयोजित नीट यूजी परीक्षा में गांव के 06 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने उत्कृष्ठ प्रदर्शन करते हुए योग्यता सूची में स्थान प्राप्त किया है। शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर नई उपलब्धियां अर्जित करने वाले इस गांव ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। विशेष बात यह है कि इस परीक्षा में सफल होने वाले सभी विद्यार्थियों के पिता साधारण किसान हैं। बेहद सीमित संसाधनों के बावजूद इन छात्रों ने अपनी लगन, कड़े अनुशासन और कठिन परिश्रम के बल पर यह ऐतिहासिक सफलता हासिल की है और ग्रामीण प्रतिभा की एक नई मिसाल पेश की है। 

*सफल विद्यार्थियों का प्रदर्शन और रैंक*

परीक्षा में गांव के हेमंत पुत्र जिलेसिंह कसाना पौत्र सीताराम कसाना ने ऑल इंडिया 1667वीं रैंक प्राप्त कर पूरे देश में गांव का नाम रोशन किया है। उल्लेखनीय है कि हेमंत वर्तमान में कक्षा 12 वीं के छात्र हैं और उन्होंने स्कूली पढ़ाई के साथ ही यह शानदार मुकाम हासिल किया है। अन्य सफल छात्रों में यशराज पुत्र योगेश बावता ने ऑल इंडिया 2511वीं एवं ओबीसी में 912वीं रैंक प्राप्त की हैं। वहीं अनिता पुत्री कैलाश चंद कसाना ने ऑल इंडिया 4094वीं रैंक एवं नेहा पुत्री सुरेश कसाना ने ऑल इंडिया 9536वीं रैंक एवं ओबीसी में 4226वीं रैंक प्राप्त की हैं। इसी प्रकार किरण पुत्री रामावतार गुर्जर ने ऑल इंडिया 15047वीं रैंक तथा अभिलाषा पुत्री दाताराम बावता) ने ऑल इंडिया 33138वीं एवं ओबीसी में 16107वीं रैंक प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता अर्जित की है। 

*सरकारी स्कूल से पढ़कर पाई सफलता*

इस सफलता में विशेष रूप से उल्लेखनीय है कि नेहा कसाना और अभिलाषा बावता ने अपनी कक्षा 10 तक की शिक्षा गांव के ही राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, कल्याणपुरा खुर्द से प्राप्त की है। सरकारी स्कूल से शुरुआती पढ़ाई करने के बाद देश की सबसे प्रतिष्ठित चिकित्सा प्रवेश परीक्षा को पास करना उनकी कड़ी मेहनत को दर्शाता है। नेहा कसाना पुत्री सुरेश चंद्र गुर्जर के परिवार में खुशी का माहौल है। उनके पिता राजस्थान विष्वविद्यालय शिक्षा विस्तार समिति के सदस्य हैं और माता माया देवी एक कुशल गृहणी हैं। नेहा के बड़े भाई अशोक कसाना व्याख्याता और घनश्याम कसाना प्रोफेसर के रूप में कार्यरत हैं। हाल ही में उनके एक और भाई सिद्धार्थ कसाना का चयन जवाहरलाल नेहरू विष्वविद्यालय, दिल्ली के इंटरनेशनल रिलेशन एंड एरिया स्टडीज विभाग में हुआ है। नेहा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता की प्रेरणा के साथ-साथ अपने ताऊजी ताराचंद, धंशीराम, हेमराज और चाचा रमेश को दिया है। 

*क्षेत्र में हर्ष की लहर, मिली बधाईयां*

गांव के इन 06 होनहारों की सफलता से पूरे क्षेत्र में हर्ष और उल्लास का माहौल है। गुर्जर अधिकारी कर्मचारी महासंघ कोटपूतली तथा जीकैप जिला कार्यकारिणी समेत डॉ.जगराम कसाना आदि ने सभी सफल विद्यार्थियों, उनके गौरवान्वित अभिभावकों और गुरुजनों को बधाई दी है। महासंघ की जिला कार्यकारिणी ने कहा कि कल्याणपुरा खुर्द शिक्षा के क्षेत्र में प्रत्येक वर्ष नई सफलताएं अर्जित कर पूरे कोटपूतली क्षेत्र के लिए एक आदर्श स्थापित कर रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विष्वास व्यक्त किया कि ये सभी छात्र भविष्य में एक उत्कृष्ट चिकित्सक बनकर समाज और राष्ट्र की निःस्वार्थ सेवा करेंगे। यह ऐतिहासिक उपलब्धि क्षेत्र के अन्य ग्रामीण विद्यार्थियों के लिए भी आगे बढ़ने का एक बड़ा प्रेरणा स्त्रोत बनेगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!