RE-NEET (UG) EXAM 2026 के लिए जिला प्रशासन की तैयारियां पूर्ण

AYUSH ANTIMA
By -
0



जयपुर: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA), नई दिल्ली द्वारा रविवार, 21 जून 2026 को RE-NEET (UG) EXAM 2026 का आयोजन किया जाएगा। जिला प्रशासन जयपुर द्वारा परीक्षा के सुचारू एवं सफल संचालन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं। जिला कलक्टर संदेश नायक ने बताया कि परीक्षा दोपहर 02 बजे से सायं 05:15 बजे तक आयोजित होगी। अभ्यर्थियों का परीक्षा केन्द्रों पर प्रवेश प्रातः 11 बजे से प्रारम्भ होकर दोपहर 01:30 बजे तक रहेगा। इसके पश्चात किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिले में कुल 103 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं, जिनमें 84 राजकीय एवं 19 निजी परीक्षा केन्द्र शामिल हैं। परीक्षा में कुल 37,108 अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे, जिनमें 25,900 अभ्यर्थी राजकीय केन्द्रों तथा 11,208 अभ्यर्थी निजी केन्द्रों पर परीक्षा देंगे।
परीक्षा के सफल संचालन हेतु अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (शहर पूर्व) नरेन्द्र कुमार वर्मा को जिला नोडल अधिकारी, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अशोक चन्द्र शर्मा को जिला पुलिस नोडल अधिकारी तथा अतिरिक्त आयुक्त-द्वितीय प्रवीण कुमार को सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। इसके अतिरिक्त शिक्षा विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को भी विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
उन्होंने बताया कि परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा की दृष्टि से पर्याप्त पुलिस जाप्ता एवं होमगार्ड तैनात किए गए हैं। विभिन्न क्षमता वाले परीक्षा केन्द्रों पर आवश्यकतानुसार पुलिस कर्मियों की नियुक्ति की गई है। साथ ही परीक्षा केन्द्रों पर सीसीटीवी, बायोमैट्रिक सत्यापन एवं जैमर की व्यवस्था राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा सुनिश्चित की जाएगी।
परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था एवं समन्वय बनाए रखने के लिए कलक्ट्रेट परिसर स्थित कक्ष संख्या 116 में परीक्षा नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। यह नियंत्रण कक्ष दिनांक 20 जून 2026 को प्रातः 10 बजे से सायं 05 बजे तक तथा 21 जून 2026 को प्रातः 10 बजे से परीक्षा समाप्ति एवं समस्त कार्य पूर्ण होने तक संचालित रहेगा। नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नम्बर 0141-2206699 रहेगा।
जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों एवं उनके अभिभावकों से अपील की है कि वे समय से पूर्व परीक्षा केन्द्र पर पहुंचें तथा परीक्षा से संबंधित दिशा-निर्देशों का पालन करें, जिससे परीक्षा का आयोजन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से सम्पन्न हो सके।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!